हरदोई में जनगणना 2027 की तैयारियां तेज, पांच तहसीलों में कर्मियों को मिला डिजिटल प्रशिक्षण
हरदोई में जनगणना 2027 के द्वितीय चरण को लेकर तहसीलों में प्रशिक्षण शुरू। सीएमएमएस पोर्टल और मोबाइल ऐप के जरिए डिजिटल डाटा संकलन की बारीकियां सिखाई गईं।
हरदोई में आगामी जनगणना के दूसरे चरण की तैयारियों ने गति पकड़ ली है। जनसंख्या गणना के महत्वपूर्ण कार्य को पूरी तरह सटीक, पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिले की पांचों तहसीलों में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का सघन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली (सीएमएमएस) पर आधारित इस कार्यशाला में कर्मियों को डिजिटल माध्यम से आंकड़े जुटाने के तौर-तरीके सिखाए गए।
प्रशासनिक स्तर पर तय कार्यक्रम के अनुसार नवंबर माह के उत्तरार्ध में स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जबकि दिसंबर के आरंभ से जनवरी के प्रथम सप्ताह तक मैदानी स्तर पर घर-घर जाकर गणना का मुख्य कार्य पूरा किया जाएगा। इसी कड़ी में सदर, संडीला, सवायजपुर, बिलग्राम तथा शाहाबाद तहसीलों में विशेष प्रशिक्षण सत्र चलाए गए। इन सत्रों में तकनीकी प्रशिक्षकों ने जनगणना से जुड़े नियमों, विभिन्न प्रारूपों और तकनीकी आवश्यकताओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यशाला के दौरान कर्मचारियों को केवल सैद्धांतिक जानकारी तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि क्षेत्रीय भ्रमण और अभ्यास सत्रों के जरिए व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान किया गया। डिजिटल आंकड़ों के संकलन के लिए तैयार किए गए विशेष मोबाइल ऐप के संचालन का लाइव अभ्यास कराया गया, ताकि धरातल पर काम करते समय किसी प्रकार की तकनीकी दिक्कत न आए।
प्रशिक्षण सत्रों को सुचारू और पारदर्शी बनाए रखने के लिए प्रशासनिक तंत्र पूरी तरह सक्रिय दिखा। संबंधित उपजिलाधिकारियों, बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों और खंड शिक्षा अधिकारियों को व्यवस्थाओं की सीधी देखरेख सौंपी गई है। इसके साथ ही प्रशिक्षण केंद्रों पर भोजन की शुद्धता और गुणवत्ता जांचने के लिए भी अधिकारियों को विशेष दायित्व दिए गए हैं, जिनकी प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है। अधिकारियों का जोर इस बात पर है कि सभी कर्मी डिजिटल तकनीकों से पूरी तरह दक्ष होकर ही फील्ड में उतरें।
What's Your Reaction?

