Hardoi News: विकास योजनाओं की समीक्षा में डीएम अनुनय झा सख्त, खराब प्रगति पर नोटिस के निर्देश
स्वामी विवेकानन्द सभागार मे जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में जनपद में संचालित पंचायतीराज विभाग, मनरेगा
Hardoi: स्वामी विवेकानन्द सभागार मे जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में जनपद में संचालित पंचायतीराज विभाग, मनरेगा, 15वां वित्त आयोग, राज्य वित्त, केंद्रीय वित्त, स्वच्छ भारत मिशन, मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री आवास योजना, विकसित भारत जी-राम जी, आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण, अन्नपूर्णा भवन तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) सहित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने योजनावार प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने तथा सभी कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
बैठक में सबसे पहले पंचायतीराज विभाग के कार्यों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को अपने-अपने विकासखंड में डिजिटल लाइब्रेरी का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। पंचायत भवनों में पंचायत सहायकों की उपस्थिति की समीक्षा करते हुए जिन पंचायत भवनों में पंचायत सहायक उपलब्ध नहीं हैं, वहां आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायतों में अनिवार्य एवं जनसुविधा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नाली एवं ड्रेन निर्माण, लिंक रोड से जुड़ी नाली तथा जल निकासी से संबंधित अन्य आवश्यक कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जाएं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव एवं आवागमन की समस्या न हो। मॉडल ग्राम पंचायत, व्यक्तिगत शौचालय, आर आर सी सेंटर से राजस्व सृजन तथा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट से आय अर्जित करने की स्थिति की भी समीक्षा की गई। सांडी एवं टड़ियावां में एडीओ पंचायत की खराब प्रगति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसके बाद मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा की गई तथा अपूर्ण आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
विकसित भारत जी-राम जी के कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पोखरों की खुदाई निर्धारित मानकों के अनुसार ही कराई जाए तथा किसी भी पोखर की खुदाई दो मीटर से अधिक गहरी न हो। मनरेगा के अंतर्गत मानव दिवस सृजन एवं 125 दिवस का लक्ष्य पूर्ण किए जाने की स्थिति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण की समीक्षा करते हुए अपूर्ण केंद्रों को शीघ्र पूर्ण कराने तथा अन्नपूर्णा भवनों के लंबित कार्यों को भी जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात एनआरएलएम की समीक्षा की गई। स्वयं सहायता समूहों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप जोड़ने की प्रगति की जानकारी लेते हुए जिलाधिकारी ने आवश्यक निर्देश दिए। जिन स्वयं सहायता समूहों के बैंक खाते अभी तक नहीं खुल पाए हैं, उनके संबंध में एलडीएम से समन्वय कर आवश्यक कार्यवाही कराने को कहा गया। लखपति दीदी एवं प्रेरणा कैंटीन की प्रगति की समीक्षा भी की गई। बीएमएम संडीला एवं कोथावां की खराब प्रगति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए तथा विकास कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए उनकी गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर ज्वांइट मजिस्ट्रेट संस्कृति द्विवेदी, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए अशोक कुमार मौर्य तथा उपायुक्त श्रम रोजगार संतोष कुमार सिंह सहित समस्त खण्ड विकास अधिकारी व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?







