Hardoi: विकास योजनाओं की समीक्षा में डीएम ने दिखाई सख्ती, लापरवाही पर नोटिस के निर्देश
विगत दिवस स्वामी विवेकानन्द सभागार में जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण,
Hardoi: विगत दिवस स्वामी विवेकानन्द सभागार में जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, मुख्यमंत्री आवास योजना, अमृत सरोवर, 15वें वित्त आयोग, राज्य वित्त, केंद्रीय वित्त, स्वच्छ भारत मिशन एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) सहित अन्य विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत आवासों की प्रगति की जानकारी ली तथा अपूर्ण आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को आवास योजना का लाभ समय से उपलब्ध कराया जाए तथा निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समय से पहुंच सके।
अमृत सरोवरों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सरोवरों के निर्माण एवं विकास कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने तथा सभी निर्माण कार्य समयबद्ध रूप से पूरा कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अन्नपूर्णा भवनों की प्रगति का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों से कराए गए कार्यों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अन्नपूर्णा भवनों में आवश्यक व्यवस्थाओं को और बेहतर करने तथा किए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति एवं व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी केंद्रों को बच्चों के अनुकूल, स्वच्छ, सुंदर एवं और अधिक आकर्षक बनाया जाए। केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं को बेहतर करने के साथ-साथ साफ-सफाई, रंग-रोगन एवं आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, जिससे बच्चों के लिए सकारात्मक एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध हो सके।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की समीक्षा के दौरान विकासखंड भरखनी में समूहों को जोड़ने की प्रगति धीमी पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित बीएमएम की खराब प्रगति पर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि स्वयं सहायता समूहों के गठन एवं पात्र परिवारों को समूहों से जोड़ने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि राशन कार्ड धारकों तथा मनरेगा जॉब कार्ड धारकों को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा जाए, जिससे अधिक से अधिक पात्र परिवार एनआरएलएम की गतिविधियों एवं स्वरोजगार के अवसरों से लाभान्वित हो सकें।
जिलाधिकारी ने स्वयं सहायता समूहों के बैंक खाते न खुलने के संबंध में अग्रणी जिला प्रबंधक से जानकारी ली। उन्होंने बैंक स्तर पर लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कराते हुए पात्र स्वयं सहायता समूहों के खाते प्राथमिकता के आधार पर खुलवाने के निर्देश दिए, ताकि समूहों को योजनाओं का लाभ एवं वित्तीय गतिविधियों का संचालन समय से किया जा सके।
मनरेगा की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने संचालित कार्यों एवं रोजगार सृजन की प्रगति की जानकारी ली। विकासखंड कछौना में एडीओ पंचायत की खराब प्रगति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित एडीओ पंचायत को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि मनरेगा के अंतर्गत पात्र श्रमिकों को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराया जाए तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।
बैठक में 15वें वित्त आयोग, राज्य वित्त एवं केंद्रीय वित्त से कराए जा रहे विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी निर्माण एवं विकास कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए तथा संबंधित अधिकारी स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने स्वच्छता संबंधी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। खराब प्रगति पाए जाने पर संबंधित अधिकारी/कर्मचारी की जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य विकस अधिकारी नेहा व्याडवाल, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार, परियोजना निदेशक अशोक कुमार मौर्य सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी खण्ड विकास अधिकारी उपस्थित रहें।.
What's Your Reaction?



