हरदोई जिले में संचारी रोगों की रोकथाम और बचाव को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं. स्वामी विवेकानन्द सभागार में जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय की अध्यक्षता में संचारी रोग नियंत्रण और दस्तक अभियान की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने और मैदानी स्तर पर पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए.
बैठक में जोर दिया गया कि शहरी और ग्रामीण इलाकों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए. नालियों की नियमित साफ-सफाई, जलभराव की समस्या का तुरंत निस्तारण और मच्छरों के पनपने वाले स्थानों को नष्ट करने पर विशेष ध्यान दिया जाए. इसके साथ ही आम जनता को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, शुद्ध पेयजल का सेवन करने और मच्छरों से बचाव के जरूरी उपाय अपनाने के प्रति जागरूक किया जाए.

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन विभागों के फ्रंटलाइन कर्मचारियों का प्रशिक्षण या संवेदीकरण अभी बाकी है, उसे जल्द से जल्द पूरा किया जाए. बाढ़ से प्रभावित गांवों में पंचायती राज विभाग द्वारा एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जाए और स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाकर क्लोरीन की गोलियों का वितरण किया जाए. चूंकि वर्तमान मौसम डेंगू और चिकनगुनिया के लिहाज से संवेदनशील है, इसलिए जिला अस्पताल सहित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर अलग से बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. नगर विकास और पंचायती राज विभाग को गांवों और शहरी निकायों में झाड़ियों की कटाई और साफ-सफाई के निर्देश दिए गए हैं. बैठक के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर भवनाथ पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और अधिशाषी अधिकारी मौजूद रहे.