Hardoi: हरदोई में मशहूर ‘मिर्चा राम स्वीट्स’ पर छापा, गंदगी और अनियमितताओं का खुलासा; 5 नमूने लिए गए
फ्रिज में चूहों की मौजूदगी और काला फफूंद मिला, खुले में रखे थे खाद्य पदार्थ; रस मलाई, राजभोग समेत 5 नमूने जांच के लिए भेजे
हरदोई। खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी और असुरक्षित खाद्य सामग्री की बिक्री पर प्रभावी रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की ओर से जनपद में लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा जिलाधिकारी हरदोई के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पुलिस बल के साथ नामचीन मिठाई एवं स्नैक्स प्रतिष्ठान ‘मिर्चा राम स्वीट्स’ पर अचानक छापेमारी की।
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में गंभीर स्तर की अस्वच्छता और कई अनियमितताएं सामने आईं। टीम के अनुसार, प्रतिष्ठान के फ्रिज के अंदर चूहों की मौजूदगी पाई गई। वहीं कई स्थानों पर काला फफूंद (Black Fungus) लगा हुआ मिला। कच्चा माल भी भारी गंदगी के बीच अव्यवस्थित तरीके से रखा पाया गया। परिसर के फर्श पर कई स्थानों पर गंदा पानी जमा था।
किचन की स्थिति भी अत्यंत अस्वच्छ मिली। निरीक्षण के दौरान तैयार खाद्य पदार्थ खुले में रखे पाए गए। विभागीय टीम के अनुसार, खाद्य पदार्थों के निर्माण में सिंथेटिक कलर का भी प्रयोग किया जा रहा था। इन परिस्थितियों को गंभीरता से लेते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मौके से जांच के लिए पांच खाद्य नमूने संगृहीत किए।
इन खाद्य पदार्थों के लिए गए नमूने
खाद्य सुरक्षा टीम ने रस मलाई, राजभोग, चमचम, पनीर और खोया के नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए राजकीय विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा है। प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
तत्काल कारोबार बंद करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान अत्यधिक गंदगी एवं खाद्य सुरक्षा से संबंधित गंभीर कमियां पाए जाने पर विभाग ने प्रतिष्ठान का कारोबार तत्काल प्रभाव से बंद करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संबंधित प्रतिष्ठान को नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा नियमावली, 2011 के Schedule-4 के अंतर्गत पाई गई कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए हैं। कमियों का निर्धारित मानकों के अनुरूप सुधार किए जाने के बाद ही कारोबार पुनः शुरू करने की अनुमति दिए जाने की बात कही गई है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षित खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आगे भी विभिन्न रिटेल स्टोर एवं स्वीट शॉप पर निरोधात्मक एवं विधिक कार्रवाई जारी रहेगी। छापेमारी की कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेंद्र श्रीवास्तव, ज्ञान प्रकाश सिंह पटेल एवं कुमार चित्रसेन मौजूद रहे। विभागीय कार्रवाई समाचार लिखे जाने तक जारी थी।
What's Your Reaction?







