Hardoi News: कार्तिक पूर्णिमा स्नान से पहले घाटों की खामियां पकड़कर अधिकारियों ने दुरुस्त कराई व्यवस्थाएं
कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान के अवसर पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने क्षेत्र के प्रमुख
अरवल/हरदोई। कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान के अवसर पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने क्षेत्र के प्रमुख गंगा घाटों पर सुरक्षा और सुविधा के इंतजामों को अंतिम रूप दिया है। बीते सावन माह के पहले सोमवार को कुसुमखोर गंगा घाट पर दो युवकों के डूबने की घटना से सबक लेते हुए इस बार प्रशासन ने अतिरिक्त सतर्कता बरती है। रविवार अपराह्न करीब 3:30 बजे एसडीएम न्यायिक (शाहाबाद) अंकित तिवारी और सीओ (हरपालपुर) प्रवीण यादव ने सियासर घाट, तेरा पुरसौली घाट और कुसुमखोर घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान घाटों पर तैयारियों में कई खामियां सामने आईं, जिन्हें अधिकारियों ने मौके पर ही दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।

- अधूरी बैरिकेडिंग और कम रोशनी पर जताई नाराजगी
निरीक्षण में पाया गया कि गहरे पानी की ओर जाने से रोकने के लिए लगाई गई बैरिकेडिंग में बांस केवल एक पतली रस्सी से बंधे थे, जिससे श्रद्धालुओं के गहरे पानी में जाने का खतरा बना हुआ था। इस पर एसडीएम न्यायिक और सीओ ने मौजूद ग्राम पंचायत अधिकारी राजेश मिश्रा को बांसों को मजबूत रस्से से बांधने और पानी में बांसों का जाल लगवाने के निर्देश दिए। इसके अलावा घाट पर मात्र तीन लाइटें लगी मिलने पर प्रकाश व्यवस्था बढ़ाने को कहा गया।
- कटाव वाले क्षेत्र में बालू की बोरियों से बनेंगी सीढ़ियां
अरवल थाना क्षेत्र बाढ़ और नदी कटाव से प्रभावित माना जाता है। इसे ध्यान में रखते हुए मौके पर मौजूद बीडीओ (सांडी) अस्मिता सेन, सिटी मजिस्ट्रेट संजय कुमार और एसडीएम न्यायिक (सवायजपुर) राम जन्म यादव ने अधीनस्थों को बालू से भरी बोरियां रखवाकर सुरक्षित सीढ़ियां बनवाने, मेले की दुकानों को सुरक्षित व व्यवस्थित स्थान पर लगवाने तथा सभी इंतजामों को चाकचौबंद रखने के निर्देश दिए।
- महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम और यातायात प्रबंधन
प्रशासन के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए आने वाले वाहनों के लिए बैरिकेडिंग की गई है। महिलाओं की सुविधा के लिए 10 छोटे स्नानागार और एक बड़ा पंडाल तैयार किया गया है, जबकि जनरेटर के जरिए रोशनी की व्यवस्था की गई है। पौराणिक मान्यता के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान कर श्रद्धालु परिवार और इष्ट मित्रों की सुख-समृद्धि व धन-धान्य की कामना करते हैं।
What's Your Reaction?

