Sambhal News: संविधान दिवस पर लखनऊ में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, सम्भल से 10 गाड़ियां तैयार; आरिफ तुर्की ने कार्यकर्ताओं से किया बड़ा आह्वान
संविधान दिवस के मौके पर 26 नवंबर को लखनऊ में होने वाले कांग्रेस के विशाल 'संविधान मार्च' को लेकर सम्भल में
उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल: संविधान दिवस के मौके पर 26 नवंबर को लखनऊ में होने वाले कांग्रेस के विशाल 'संविधान मार्च' को लेकर सम्भल में पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में कांग्रेस जिलाध्यक्ष आरिफ तुर्की ने प्रेस वार्ता कर जिले के कार्यकर्ताओं और आम जनता से भारी संख्या में लखनऊ पहुंचने की अपील की। उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर सुबह 11 बजे लखनऊ में संविधान बचाने के संकल्प के साथ विशाल मार्च निकाला जाएगा।
आरिफ तुर्की ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा की लड़ाई लड़ रही है। भाजपा सरकार पर संविधान को कमजोर करने और बदलने की कोशिशों का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसी ताकतों के मंसूबे कभी कामयाब नहीं होने देगी। सम्भल से लखनऊ पहुंचने की तैयारियों पर उन्होंने बताया कि अब तक 10 छोटी गाड़ियों की व्यवस्था हो चुकी है। इसके अलावा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता ट्रेन से भी लखनऊ पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के आह्वान पर कांग्रेस के कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ इस आंदोलन में शामिल होंगे।
कांग्रेस नेता अमित उठवाल ने बताया कि लखनऊ में पदयात्रा नेहरू भवन स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद शुरू होकर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तक पहुंचेगी। वहीं डीके वाल्मीकि ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता संविधान में किसी भी गलत बदलाव को बर्दाश्त नहीं करेंगे। रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के शामिल होने की भी संभावना जताई गई। प्रेस वार्ता में अंसार अब्बासी और आरिफ तनवीर ने भी कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में लखनऊ पहुंचने की अपील की। इस दौरान आरिफ तुर्की ने विपक्षी दलों के मार्च को लेकर तंज कसते हुए कहा कि अब सभी नकल करेंगे, लेकिन संविधान पर खतरे के खिलाफ सबसे पहले राहुल गांधी ने आवाज उठाई थी।
What's Your Reaction?

