Sambhal News: सम्भल में कांग्रेस का चुनाव आयोग के खिलाफ हल्लाबोल, राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन देकर निष्पक्ष जांच की उठाई मांग
आरिफ तुर्की बोले- SIR के जरिए वोट काटने और जोड़ने के आरोपों की हो उच्चस्तरीय जांच, दोषी पाए जाने पर हो कार्रवाई
उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर संभल में जिला कांग्रेस कमेटी ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष आरिफ तुर्की के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।
ज्ञापन में कांग्रेस ने आरोप लगाया कि SIR प्रक्रिया के दौरान वैध मतदाताओं के नाम काटे जाने और अवैध मतदाताओं के नाम जोड़े जाने की शिकायतें सामने आई हैं। पार्टी ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की जांच कराने की मांग की। ज्ञापन सौंपने के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष आरिफ तुर्की ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर देशभर में विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं और आयोग पर एक राजनीतिक दल के पक्ष में काम करने के आरोप हैं। आरिफ तुर्की ने राष्ट्रपति से मांग की कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पदभार संभालने के बाद से उनके कार्यकाल में लिए गए फैसलों की उच्चस्तरीय कमेटी गठित कर निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की सिफारिश की जाए। कांग्रेस ने ज्ञापन के जरिए मतदाता सूची की निष्पक्ष जांच, लोकतांत्रिक प्रक्रिया की पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई। वहीं, चुनाव आयोग की निष्पक्षता को लेकर लगाए गए आरोपों पर आयोग का पक्ष सामने आना बाकी है।
What's Your Reaction?