Crime News: हरदोई में दिनदहाड़े सर्राफा कारोबारी से लूट, कार का शीशा तोड़कर पांच किलो चांदी ले उड़े बदमाश, पुलिस जांच में जुटी

जनपद के शाहाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर बदमाशों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए सर्राफा कारोबारी

By INA News Desk
Sep 28, 2026 - 14:17
3 Views
Crime News: हरदोई में दिनदहाड़े सर्राफा कारोबारी से लूट, कार का शीशा तोड़कर पांच किलो चांदी ले उड़े बदमाश, पुलिस जांच में जुटी

हरदोई। जनपद के शाहाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर बदमाशों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए सर्राफा कारोबारी की गाड़ी रोककर पांच किलो चांदी से भरा बैग लूट लिया। स्विफ्ट कार सवार चार अज्ञात बदमाशों ने ओवरटेक कर घटना को अंजाम दिया और शीशा तोड़कर माल लूटने के बाद मौके से फरार हो गए। सनसनीखेज वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया।

शाहजहांपुर के रहने वाले सर्राफा कारोबारी हृदयराम सोनी अपने चालक के साथ वैगनआर कार में सवार होकर लखनऊ की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी शाहाबाद थाना क्षेत्र के बजरी प्लांट के समीप पहुंची, पीछे से तेज रफ्तार में आई एक स्विफ्ट कार ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक करके जबरन रुकवा लिया। कार रुकते ही उसमें से उतरे चार अज्ञात युवकों ने अचानक हमला बोल दिया और व्यापारी की कार का शीशा तोड़ डाला। इसके बाद हमलावर वाहन के भीतर रखा बैग छीनकर फरार हो गए, जिसमें लगभग पांच किलोग्राम चांदी रखी हुई थी।

घटना के बाद घबराए पीड़ित ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी। लूट की वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई।

पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया कि पीड़ित की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर शाहाबाद थाने में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उन्होंने बताया कि लुटेरों की पहचान और उनकी धरपकड़ के लिए कई विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है। क्षेत्र के मुख्य मार्गों, टोल प्लाजा और बजरी प्लांट के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Also Click : सीतापुर में सरायन नदी का बढ़ा जलस्तर: डीएम पहुंचे केशव ग्रीन सिटी, राहत कार्य तेज

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow