Hardoi News: पंचायत योजनाओं की धीमी प्रगति पर सीडीओ सख्त, लापरवाही पर तय होगी अधिकारियों-कर्मचारियों की जिम्मेदारी
विकास भवन स्थित स्वर्ण जयंती सभागार में मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती नेहा ब्याडवाल की अध्यक्षता में पंचायतीराज
हरदोई: विकास भवन स्थित स्वर्ण जयंती सभागार में मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती नेहा ब्याडवाल की अध्यक्षता में पंचायतीराज विभाग के कार्यों एवं विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक में पंचायत भवन एवं पंचायत उत्सव भवन निर्माण, जनसेवा केंद्रों के माध्यम से प्रदान की जा रही सेवाओं, पंचायत सहायकों की उपस्थिति एवं रिक्त पदों, डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना एवं संचालन, ग्राम निधि के विभिन्न खाते खोले जाने, तालाब पट्टा आवंटन से प्राप्त आय, व्यक्तिगत शौचालय निर्माण, मॉडल घोषित ग्रामों के सत्यापन तथा प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान जनसेवा केंद्रों के माध्यम से प्रदान की जाने वाली सेवाओं में अपेक्षित सुधार लाने, पंचायत सहायकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा रिक्त पदों पर चयन की प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। डिजिटल लाइब्रेरी के सत्यापन एवं नियमित संचालन, निर्धारित यूजर चार्ज की वसूली तथा ग्राम पंचायतों की आय बढ़ाने के लिए उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने पर विशेष जोर दिया गया।

व्यक्तिगत शौचालय निर्माण की समीक्षा करते हुए लक्ष्य के सापेक्ष अवशेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने तथा निर्मित शौचालयों की जियो टैगिंग एवं सत्यापन की कार्यवाही में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार मॉडल घोषित ग्रामों में प्रथम एवं द्वितीय स्तर के सत्यापन कार्य को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने तथा प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट के संचालन एवं विद्युत कनेक्शन से संबंधित लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर संचालित सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। जिन विकास खंडों एवं ग्राम पंचायतों में प्रगति अपेक्षाकृत धीमी है, वहां विशेष प्रयास करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयसीमा में पूर्ण कराया जाए। कार्यों में लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी। बैठक में समस्त सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) उपस्थित रहे, जबकि समस्त खंड विकास अधिकारीगण जूम लिंक के माध्यम से बैठक में ऑनलाइन जुड़े तथा संबंधित कार्यों की प्रगति से अवगत कराया।
What's Your Reaction?

