हरदोई में सराफ से हुई लूट का बड़ा खुलासा: पुलिस ने 5 बदमाशों को दबोचा, कार-बाइक और हथियार बरामद

हरदोई के कासिमपुर में सराफ से हुई लूट का पुलिस ने खुलासा किया है। संयुक्त टीम ने पांच शातिर बदमाशों को कार, बाइक, अधगले आभूषण और तमंचों के साथ दबोचा।

Jun 24, 2026 - 22:44
 0  4
हरदोई में सराफ से हुई लूट का बड़ा खुलासा: पुलिस ने 5 बदमाशों को दबोचा, कार-बाइक और हथियार बरामद
स्वाट/सर्विलांस/एसओजी व थाना कासिमपुर की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा लूट की घटना से संबंधित 05 शातिर अभियुक्त गिरफ्तार

सराफ से बैग छीनने वाले पांच शातिर लुटेरे गिरफ्तार, हरदोई पुलिस ने अधगले आभूषण, कार और अवैध असलहे किए बरामद

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में कासिमपुर थाना पुलिस और स्वाट, सर्विलांस व एसओजी की संयुक्त टीम ने सराफ से हुई लूट की एक बड़ी वारदात का सफल अनावरण किया है। पुलिस ने घेराबंदी करके घटना में शामिल पांच शातिर अपराधियों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। पकड़े गए इन बदमाशों के पास से लूट के सोने-चांदी के अधगले जेवर, वारदात में इस्तेमाल की गई एक कार, एक मोटरसाइकिल, नगदी और भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद हुए हैं

इस घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक, हसनापुर गांव के निवासी मोहम्मद नसीम की घुघेरा चौराहे पर सोने-चांदी के आभूषणों की दुकान है। वे शाम के समय अपनी दुकान बंद करके वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जमुनिया चौराहे से आगे रसूलपुर मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और आभूषण व मोबाइल फोन से भरा उनका बैग छीनकर फरार हो गए थे। पीड़ित दुकानदार की शिकायत के आधार पर कासिमपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने अपराधियों की धरपकड़ के लिए अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी के नेतृत्व में चार विशेष टीमों का गठन किया था। पुलिस टीमें लगातार सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और स्थानीय लोगों से पूछताछ के जरिए सुराग जुटाने में लगी थीं। इसी बीच सूचना मिली कि घटना से जुड़े आरोपी आसू तिराहा संडीला की तरफ से आ रहे हैं। इस इनपुट पर पुलिस टीम ने निगोहिया रोड पर घेराबंदी कर दी। वहां से गुजर रही एक संदिग्ध कार और मोटरसाइकिल को जब पुलिस ने रुकने का इशारा किया, तो उन्होंने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद पुलिस बल ने उन्हें चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया

पकड़े गए आरोपियों में सुंदरपुर निवासी सत्यपाल मौर्या, खसरौल निवासी अमित सिंह, रानीखेड़ा निवासी मुजीब, और बिजौली गांव के रहने वाले अभिषेक उर्फ कल्लू व रोहित तिवारी शामिल हैं। तलाशी के दौरान इनके पास से 848 ग्राम चांदी और करीब 23.48 ग्राम सोने के अधगले आभूषण, एक मोबाइल, पच्चीस सौ रुपये की नगदी, घटना में प्रयुक्त ब्रेजा कार, एक बाइक, पांच अवैध तमंचे और 11 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं

पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वे शातिर किस्म के अपराधी हैं और अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए लूटपाट करते हैं। वे लूटे गए आभूषणों को गलाकर बेचने की फिराक में थे। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पकड़े गए अभियुक्तों में से सत्यपाल मौर्या, मुजीब और अभिषेक का पुराना लंबा आपराधिक इतिहास भी रहा है। पुलिस ने लूट के मामले के साथ-साथ इन सभी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग से मुकदमे दर्ज कर आगे की सख्त वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है

Also Click : Sambhal : नबी-ए-करीम और हज़रत आयशा पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप, कार्रवाई की मांग को लेकर थाने में दी तहरीर

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow