हरदोई में पत्नी की हत्या करने वाला पति गिरफ्तार, धारदार हथियार बरामद, अवैध संबंधों के शक में दिया था वारदात को अंजाम
हरदोई के कोतवाली शहर क्षेत्र में पत्नी की धारदार हथियार से हत्या करने वाले आरोपी पति परवेज को पुलिस ने आलाकत्ल के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा।
हरदोई। कोतवाली शहर क्षेत्र में पारिवारिक विवाद और शक के चलते पत्नी की निर्मम हत्या करने वाले अभियुक्त को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम ने अभियुक्त की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है। कोतवाली शहर क्षेत्र के अंतर्गत बेटगंज निवासी परवेज पुत्र कल्लू द्वारा अपनी तीस वर्षीय पत्नी नगमा पर नुकीली वस्तु से हमला कर उसकी जान लेने की सूचना प्राप्त हुई थी। वारदात की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और स्थानीय पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
फॉरेंसिक फील्ड यूनिट ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए, जबकि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया। मृतका के परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का अभियोग पंजीकृत किया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली शहर पुलिस ने घेराबंदी करते हुए मुख्य अभियुक्त परवेज को हिरासत में ले लिया।
पुलिस पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह अपनी पत्नी नगमा के साथ मोहल्ला टीलिया में किराए के मकान में रहता था। दोनों के बीच आए दिन पारिवारिक विवाद होता रहता था और उसे अपनी पत्नी पर अवैध संबंधों का संदेह था। इसी शक और विवाद के कारण उसने धारदार हथियार से प्रहार कर पत्नी की जान ले ली। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार बरामद कर विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार त्यागी, उपनिरीक्षक उमेश चन्द्र तिवारी, उपनिरीक्षक रोशन सिंह, कांस्टेबल विनीत चौधरी, कांस्टेबल रिंकू चौधरी और कांस्टेबल रोहित कुमार शामिल रहे।
What's Your Reaction?







