हरदोई में जिला अस्पताल से बाइक चुराने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, दो मोटरसाइकिलें बरामद, दर्ज हैं कई मुकदमे

हरदोई जिला अस्पताल परिसर से बाइक चोरी करने वाले शातिर चोर आशीष उर्फ मोनू को पुलिस ने पकड़ा। चोरी की 2 मोटरसाइकिलें बरामद, आरोपी पर दर्ज हैं 8 मुकदमे।

By INA News Desk
Sep 18, 2026 - 22:03
4 Views
हरदोई में जिला अस्पताल से बाइक चुराने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, दो मोटरसाइकिलें बरामद, दर्ज हैं कई मुकदमे

हरदोई। जिला अस्पताल में उपचार कराने आने वाले तीमारदारों और मरीजों के दोपहिया वाहन पार करने वाले एक शातिर चोर को कोतवाली शहर पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए धर दबोचा है। पुलिस टीम ने पकड़े गए अभियुक्त के कब्जे से अलग-अलग मामलों में चोरी की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की है। घटनाक्रम के अनुसार, पिहानी थाना क्षेत्र के ग्राम अमिरता निवासी पीड़ित श्रीपाल पुत्र गोकुल जिला अस्पताल परिसर में दवा लेने पहुंचे थे। इस दौरान अज्ञात चोर ने पार्किंग स्थल से उनकी मोटरसाइकिल पार कर दी। पीड़ित की लिखित शिकायत के आधार पर कोतवाली शहर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धारा में प्राथमिकी दर्ज की।

इसी प्रकार पिहानी थाना क्षेत्र के ही ग्राम बाउमी निवासी पीड़ित अरुण गुप्ता पुत्र संतोष कुमार गुप्ता भी अस्पताल में दवा लेने आए थे, जहां से उनकी बाइक भी चोरी चली गई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने त्वरित रूप से एक अन्य मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। अस्पताल परिसर में लगातार हो रही वाहन चोरी की वारदातों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने सुरागरशी और गश्त तेज की। जांच के दौरान प्रकाश में आए संदिग्ध अभियुक्त आशीष उर्फ मोनू पुत्र सुंदरलाल, निवासी ग्राम काशीपुर थाना कोतवाली शहर को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ और निशानदेही के आधार पर उसके पास से चोरी की दोनों मोटरसाइकिलें सकुशल बरामद कर ली गईं। बरामदगी के आधार पर दर्ज मुकदमों में माल बरामदगी से जुड़ी विधिक धाराओं की वृद्धि की गई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि पकड़ा गया अभियुक्त शातिर किस्म का अपराधी है और पूर्व से ही चोरी, धोखाधड़ी, मादक पदार्थ अधिनियम और अवैध असलहा रखने जैसे आठ गंभीर मामलों में संलिप्त रहा है। विधिक औपचारिकताएं पूर्ण करने के उपरांत अभियुक्त को न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया। अभियुक्त को दबोचने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय त्यागी, उपनिरीक्षक कैलाश नाथ, उपनिरीक्षक विजय कुमार, मुख्य आरक्षी अर्पित तोमर, आरक्षी अनुराग यादव और आरक्षी सुरजीत सिंह शामिल रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow