सम्भल के मुस्लिम बूथों पर कमल खिलाने का दावा! दानिश पाशा बोले- 2027 में हर मुस्लिम बूथ से निकलेगा भाजपा का वोट
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश मंत्री दानिश पाशा ने सम्भल में दावा किया कि 2027 चुनाव में हर मुस्लिम बूथ से भाजपा का वोट निकलेगा और पार्टी 350 सीटें जीतेगी।
Report : उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल में भाजपा ने 2027 के चुनाव को लेकर मुस्लिम वोटों पर अपनी नजरें गड़ा दी हैं। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश मंत्री दानिश पाशा ने सम्भल पहुंचकर बड़ा सियासी दावा किया है। उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में हर मुस्लिम बूथ से भाजपा का वोट निकलेगा। इसके लिए वह संगठन की रणनीति के तहत बूथ स्तर पर काम करेंगे और मुस्लिम समाज के बीच पहुंचकर भाजपा की नीतियों को रखेंगे।
प्रदेश मंत्री बनने के बाद पहली बार सम्भल पहुंचे दानिश पाशा का कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने मुस्लिम चेहरे को भाजपा का टिकट मिलने के सवाल पर कहा कि यह फैसला पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा। हमारा निशान कमल का फूल है और संगठन जो तय करेगा, उसी के अनुसार काम किया जाएगा। पार्टी के कुछ लोगों की नाराजगी और स्वागत जुलूस को लेकर उठे सवालों पर भी दानिश पाशा ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व के फैसले का सभी को सम्मान करना चाहिए। वहीं सपा-कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों के गठबंधन का कोई फायदा नहीं होने वाला। दानिश पाशा ने 2027 में भाजपा की 350 सीटें आने और पूर्ण बहुमत की सरकार बनने का दावा किया। सम्भल के विकास पर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में सड़कों और शहर के विकास के लिए काफी काम हुआ है और आने वाले समय में भी विकास कार्य जारी रहेंगे।
What's Your Reaction?

