सम्भल में सपा की पीडीए पंचायत: नवाब इकबाल महमूद बोले- 2027 में भाजपा का होगा सफाया, ओवैसी पर साधा निशाना
सम्भल में सपा की पीडीए पंचायत में पूर्व मंत्री नवाब इकबाल महमूद ने 2027 चुनाव का बिगुल फूंका। कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र बांटे और भाजपा पर तीखा हमला बोला।
Report : उवैस दानिश, सम्भल
PDA पंचायत में गरजे इकबाल महमूद, बोले- सम्भल सपा का गढ़, 2027 में भाजपा का सफाया करेंगे
विधानसभा क्षेत्र सम्भल में समाजवादी पार्टी की ओर से आयोजित PDA पंचायत में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी तैयारियों का बिगुल फूंका गया। पंचायत की अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष असगर अली अंसारी ने की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया गया और कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक नवाब इकबाल महमूद तथा जिलाध्यक्ष असगर अली अंसारी ने संयुक्त रूप से नियुक्ति पत्र सौंपे।
कार्यक्रम में विधायक इकबाल महमूद ने एआईएमआईएम और भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सम्भल समाजवादी पार्टी का गढ़ है और यहां सपा के मतदाता किसी दूसरी तरफ नहीं देखते। एआईएमआईएम को लेकर उन्होंने आरोप लगाया कि वह मुस्लिम बहुल सीटों पर उम्मीदवार उतारकर सपा के वोटों को प्रभावित करने का प्रयास करती है।
उन्होंने एआईएमआईएम को भाजपा की ‘बी टीम’ बताए जाने पर कहा कि यह बात सिर्फ उनकी नहीं, बल्कि दुनिया कह रही है। इकबाल महमूद ने 2027 में सपा-कांग्रेस के साथ मिलकर भाजपा को हराने का दावा किया। वहीं उन्होंने आकाश आनंद के सपा में आने का स्वागत करने की बात भी कही।
2027 में अपने बेटे सुहैल इकबाल की दावेदारी को लेकर विधायक ने कहा कि वह पहले ही अपनी बात कह चुके हैं और “हम जुबान के आदमी हैं, जो कहा है वही करेंगे।” हालांकि उन्होंने कहा कि टिकट मांगना हर व्यक्ति का अधिकार है और पार्टी जिसे टिकट देगी, उसे जिताने के लिए काम किया जाएगा। PDA पंचायत में सुहैल इकबाल ने कहा कि अभी उनकी उम्मीदवारी का कोई आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा कि जनता उनके परिवार को पसंद करती है और पार्टी नेतृत्व जो जिम्मेदारी देगा, उसके मुताबिक काम करेंगे। विधायक ने 2027 के मुद्दों पर कहा कि भेदभाव खत्म करना, हिंदू-मुस्लिम एकता, विकास, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य प्रमुख मुद्दे होंगे। उन्होंने कहा कि जनता मंदिर-मस्जिद और हिंदुस्तान-पाकिस्तान की राजनीति से ऊब चुकी है। UCC के मुद्दे पर भी उन्होंने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में सपा सरकार बनने पर इसे लागू नहीं होने दिया जाएगा।
What's Your Reaction?







