मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर सपा की हुंकार, 2027 में सरकार बनाने का संकल्प
सम्भल में मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर सपा नेताओं ने दी श्रद्धांजलि। असमोली विधायक पिंकी यादव और जिलाध्यक्ष असगर अली अंसारी ने 2027 चुनाव का फूंका बिगुल।
Report : उवैस दानिश, सम्भल
समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर सम्भल में सपाइयों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। थाना रायसत्ती क्षेत्र में मुरादाबाद रोड स्थित पार्टी कार्यालय पर जिलाध्यक्ष असगर अली अंसारी की देखरेख में गोष्ठी आयोजित की गई।

नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नेताजी के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके संघर्ष, विचारों और योगदान को याद किया। इस दौरान श्रद्धांजलि के साथ 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प भी लिया गया।
असमोली विधायक पिंकी यादव ने भरी हुंकार
पत्रकार वार्ता में असमोली विधायक पिंकी यादव ने कहा कि नेताजी ने अपना पूरा जीवन गरीबों, शोषितों, वंचितों, किसानों और बेरोजगार युवाओं की आवाज बुलंद करने में लगाया। उन्होंने समाजवादी पार्टी को अपने संघर्ष और मेहनत से मजबूत किया। पिंकी यादव ने कहा कि कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई जाएगी और उत्तर प्रदेश को फिर से विकास की राह पर ले जाया जाएगा।
सुहैल इकबाल बोले—जीतकर देंगे नेताजी को सच्ची श्रद्धांजलि
सम्भल विधायक के पुत्र सुहैल इकबाल ने कहा कि नेताजी का सम्भल से गहरा लगाव रहा है। सांसद और मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने क्षेत्र के लिए जो विकास कार्य कराए, उन्हें भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि सम्भल समेत पूरे प्रदेश और देश में नेताजी को चाहने वाले उन्हें श्रद्धापूर्वक याद कर रहे हैं।

सुहैल इकबाल ने दावा किया कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सत्ता में वापसी कराकर नेताजी को सच्ची श्रद्धांजलि दी जाएगी। उन्होंने युवाओं के हितों और भेदभाव के मुद्दे पर मौजूदा सरकार को घेरते हुए कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने का आह्वान किया।
असगर अली अंसारी ने कार्यकर्ताओं को दिया चुनावी संदेश
सपा जिलाध्यक्ष असगर अली अंसारी ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने अथक परिश्रम और संघर्ष से पार्टी को इस मुकाम तक पहुंचाया। उनके बताए रास्ते पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा और एकजुटता के साथ 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया, ताकि अखिलेश यादव के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाई जा सके। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और विधायक प्रतिनिधि सुहैल इकबाल समेत बड़ी संख्या में सपाई मौजूद रहे।
What's Your Reaction?