Hardoi Police Encounter: हरदोई में मुठभेड़ के बाद दीपावली की रात हुई लूट का खुलासा, एक बदमाश को लगी गोली, चार लुटेरे गिरफ्तार

हरदोई में कोतवाली देहात पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने मुठभेड़ के बाद दीपावली की रात हुई लूट का खुलासा करते हुए चार शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से ₹1.45 लाख नगदी बरामद हुई है।

By INA News Desk
Nov 14, 2026 - 20:52
7 Views
Hardoi Police Encounter: हरदोई में मुठभेड़ के बाद दीपावली की रात हुई लूट का खुलासा, एक बदमाश को लगी गोली, चार लुटेरे गिरफ्तार
Advertisement
Advertisement

हरदोई: दीपावली की रात कोतवाली देहात क्षेत्र में हुई लूट की वारदात का हरदोई पुलिस ने महज चंद दिनों में सफल अनावरण कर दिया है। कोतवाली देहात पुलिस, एसओजी, स्वाट और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात हुई पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरोह के चार शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई 1,45,730 रुपये की नगदी, दो मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन और अवैध असलहा बरामद किया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते रविवार (8 नवंबर) की रात करीब 10:26 बजे आशानगर निवासी राजेश कुमार सिंह अपने कैंटीन संचालक सुरजीत कुमार के साथ बाइक से हरियावां से हरदोई लौट रहे थे। जैसे ही वे पोखरी तिराहे से करीब 100 मीटर आगे बढ़े, पीछे से आए तीन अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने सुरजीत कुमार के पास रखा नगदी का बैग लूट लिया और पिहानी रोड की ओर फरार हो गए। इस मामले में कोतवाली देहात में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसके खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक ने तीन विशेष टीमों का गठन किया था।

सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से सुराग जुटा रही पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि लूट की वारदात को अंजाम देने वाले चार बदमाश दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर हरियावां से पोखरी तिराहे की तरफ आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने नयागांव मोड़ पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग शुरू की। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि दूसरी बाइक से भाग रहे बदमाश का पीछा करने पर उसने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर झोंक दिया।

पुलिस की आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग में भाग रहे बदमाश विजेन्द्र (पुत्र भभूति, उम्र लगभग 20 वर्ष) निवासी ग्राम रिक्खापुरवा थाना कोतवाली देहात के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल भिजवाया गया। मौके से पकड़े गए अन्य तीन आरोपियों की पहचान शोभित (पुत्र वीरेन्द्र, उम्र 19 वर्ष) निवासी ग्राम उतरा थाना हरियावां, अंकुल (पुत्र ओमप्रकाश, उम्र 19 वर्ष) निवासी ग्राम रिक्खापुरवा और गंगेव (पुत्र सुरेन्द्र, उम्र 18 वर्ष) निवासी ग्राम रिक्खापुरवा थाना कोतवाली देहात के रूप में हुई है।

पुलिस ने इनके पास से घटना में प्रयुक्त हीरो एचएफ डीलक्स बाइक (UP30CH 7438), एक होंडा शाइन बाइक (UP30BJ 6294), लूटी गई 1,45,730 रुपये की नगदी, चार मोबाइल फोन, एक .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। इस सफल अभियान को अंजाम देने वाली टीम में कोतवाली देहात प्रभारी निरीक्षक समर बहादुर सिंह, स्वाट/एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक राजेश कुमार और सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक अब्दुल जब्बार सहित भारी संख्या में पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है।

यह भी पढ़ें : CM Yogi Meerut Visit: आठ जिलों में ₹27.50 करोड़ के जिला सैनिक कल्याण कार्यालयों का लोकार्पण, सीएम योगी ने किया 'शौर्य गाथा' पुस्तक का विमोचन

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement