हरदोई। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर महिलाओं और छात्राओं को उनके अधिकारों व सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए प्रदेशभर में चलाए जा रहे 'मिशन शक्ति 6.0' अभियान के तहत हरदोई पुलिस की एक प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई है। "नव दुर्गा, नव संकल्प" के पंचम दिवस पर सांडी थाना परिसर में श्री देव दरबार आश्रम इंटर कॉलेज की कक्षा 12 की मेधावी छात्रा शिवी मिश्रा को सांकेतिक रूप से एक दिन का थानाध्यक्ष (प्रभारी निरीक्षक) बनाया गया।

सांडी पुलिस की मिशन शक्ति सेल द्वारा आयोजित इस विशेष पहल का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं में प्रशासनिक समझ, कार्यकुशलता और पुलिस व्यवस्था के प्रति विश्वास बढ़ाना है।
कुर्सी संभालते ही की जनसुनवाई, मौके पर दिए निस्तारण के निर्देश
एक दिन की थाना प्रभारी की जिम्मेदारी संभालते ही शिवी मिश्रा ने पूरे आत्मविश्वास के साथ कार्यालय में बैठकर जनसुनवाई आयोजित की।

इस दौरान थाने पहुँचे विभिन्न फरियादियों की शिकायतों को उन्होंने ध्यानपूर्वक सुना, प्रार्थना पत्रों का अध्ययन किया और मामलों के त्वरित व पारदर्शी समाधान के लिए संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए।
थाना परिसर, महिला हेल्प डेस्क और आईजीआरएस सेल का लिया जायजा
जनसुनवाई संपन्न कराने के उपरांत नव नियुक्त एक दिन की थाना प्रभारी को पुलिस महकमे की कार्यप्रणाली से परिचित कराया गया। उन्होंने सांडी थाना परिसर का विस्तृत भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने मिशन शक्ति केंद्र, महिला हेल्प डेस्क तथा आईजीआरएस (जनसुनवाई पोर्टल) कार्यालय का निरीक्षण किया।

थाना पुलिस की टीम ने उन्हें बताया कि पीड़ित महिलाओं की शिकायतों को किस तरह संवेदनशीलता से दर्ज किया जाता है और आपातकालीन स्थितियों में हेल्पलाइन नंबरों का संचालन कैसे होता है। छात्रा ने पुलिस की दैनिक कार्यप्रणाली को समझा और इस अनुभव को अपने जीवन की एक अविस्मरणीय उपलब्धि बताया।