Hardoi Student Death: स्कूल में मारपीट के बाद 13 वर्षीय छात्रा की मौत, शिक्षक और सहपाठी छात्रा पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा

भरखनी ब्लॉक के संविलियन विद्यालय साहुआपुर में कक्षा आठ की 13 वर्षीय छात्रा क्षमा दीक्षित की उपचार के दौरान मौत के

By INA News Desk
Sep 1, 2026 - 17:46
5 Views
Hardoi Student Death: स्कूल में मारपीट के बाद 13 वर्षीय छात्रा की मौत, शिक्षक और सहपाठी छात्रा पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा

हरदोई में भरखनी ब्लॉक के संविलियन विद्यालय साहुआपुर में कक्षा आठ की 13 वर्षीय छात्रा क्षमा दीक्षित की उपचार के दौरान मौत के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। छात्रा के पिता उमेश दीक्षित की तहरीर और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद पचदेवरा पुलिस ने सहायक अध्यापक राजेंद्र कुमार गंगवार और सहपाठी छात्रा के खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त को क्षमा स्कूल में पेपर देने गई थी। इसी दौरान उसका सहपाठी छात्रा से विवाद हुआ। क्षमा ने इसकी शिकायत सहायक अध्यापक राजेंद्र कुमार गंगवार से की थी। परिजनों का आरोप है कि शिकायत के बाद शिक्षक ने क्षमा के साथ मारपीट की, जिससे उसके हाथ में चोट आई और फ्रैक्चर हो गया। घटना के संबंध में पिता ने 23 अगस्त को पचदेवरा थाने में प्रार्थनापत्र दिया था।

इसके बाद 24 अगस्त को परिजन क्षमा को उपचार के लिए फर्रुखाबाद लेकर गए। इलाज के दौरान 30 अगस्त को उसकी मौत हो गई। छात्रा की मौत के बाद फर्रुखाबाद में पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई गई। इसके बाद पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने शिक्षक और सहपाठी छात्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। मामले में छात्रा का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह कथित तौर पर अपने साथ हुई मारपीट के बारे में बताती दिखाई दे रही है। परिजनों ने शिक्षक और सहपाठी छात्रा दोनों पर मारपीट का आरोप लगाया है। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुबोध गौतम के मुताबिक पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मेडिकल दस्तावेज, वीडियो और अन्य साक्ष्यों को जांच में शामिल किया जा रहा है।

उधर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने मामले में इंचार्ज शिक्षक अक्षत और आरोपी सहायक अध्यापक राजेंद्र कुमार गंगवार को निलंबित कर दिया है। विभागीय स्तर पर भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow