Hardoi News: हरदोई स्वगणना अभियान में प्रदेश में दूसरे स्थान पर, 19 हजार लोगों ने दर्ज की अपनी जानकारी
सीडीओ नेहा ब्यडवाल ने जनपदवासियों से की स्वगणना में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील, 30 नवंबर तक चलेगा अभियान
हरदोई। जनगणना-2027 के तहत चलाए जा रहे स्वगणना अभियान में हरदोई जनपद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उत्तर प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया है। जिले में अब तक करीब 19 हजार लोग अपनी स्वगणना की प्रक्रिया पूरी कर चुके हैं। इस उपलब्धि से जिला प्रशासन में उत्साह है। जनगणना प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से स्वगणना अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके तहत नागरिक स्वयं अपने और अपने परिवार की आवश्यक जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। हरदोई में अभियान को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
मुख्य विकास अधिकारी एवं अपर जनगणना अधिकारी नेहा ब्यडवाल ने बताया कि स्वगणना के मामले में हरदोई जनपद ने प्रदेश स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी तथा अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर जनगणना कार्य में सहयोग प्रदान करें। उन्होंने बताया कि स्वगणना अभियान 16 नवंबर से शुरू होकर 30 नवंबर 2026 तक चलेगा। जिला प्रशासन की ओर से नागरिकों को जागरूक कर अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
What's Your Reaction?

