Hardoi News: हरदोई में वोटर लिस्ट अपडेट करने की मुहिम तेज, 456 BLO मैदान में; युवाओं को जोड़ने पर प्रशासन का फोकस

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 के तहत शनिवार, 28 नवंबर को जनपद

By INA News Desk
Nov 28, 2026 - 20:58
4 Views
Hardoi News: हरदोई में वोटर लिस्ट अपडेट करने की मुहिम तेज, 456 BLO मैदान में; युवाओं को जोड़ने पर प्रशासन का फोकस
Advertisement
Advertisement

हरदोई। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 के तहत शनिवार, 28 नवंबर को जनपद हरदोई में विधानसभा मतदाता सूची में नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, संशोधन और सत्यापन के लिए विशेष अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल पाण्डेय के आदेश तथा मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल और अपर जिलाधिकारी दीपाली भार्गव के निर्देशन में ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत स्तर पर और नगरीय निकायों में वार्ड स्तर पर अभियान आयोजित किया गया।

ग्रामीण क्षेत्रों में विधानसभा के लिए निर्धारित मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारियों (BLO), सुपरवाइजर, लेखपाल, कोटेदार, रोजगार सेवक, पंचायत सचिव, आशा बहुओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, पंचायत सहायकों एवं अन्य पंचायत कर्मियों ने सहभागिता की। इस दौरान मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, संशोधन और नाम हटाने के लिए निर्धारित फॉर्म-6, 7 और 8 का संकलन किया गया।

शहरी क्षेत्रों में भी चला विशेष अभियान

नगर पालिका परिषद हरदोई के हिंदी पाठशाला, प्राइमरी पाठशाला बहरा सौदागर (लड़कों वाला), कृषि रक्षा इकाई बिलग्राम चुंगी, रफी अहमद किदवई इंटर कॉलेज और वैदिक विद्या मंदिर सहित विभिन्न मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान चलाया गया। यहां बीएलओ, कोटेदारों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सफाई नायकों ने मतदाताओं से संपर्क कर फॉर्म संकलित किए।

उपजिलाधिकारी सदर गुलाब चन्द्र ने नगर पालिका हरदोई के वार्ड संख्या 4, 11, 12, 13 और 17 के अंतर्गत हरदेवगंज पश्चिमी, भूसा मंडी, मुन्ने मियां चौराहा, आलू थोक, ऊंचा थोक, चौहान थोक, कृष्ण नगरिया और देविनपुरवा सहित विभिन्न मोहल्लों में घर-घर जाकर मतदाताओं को जागरूक किया। इस दौरान तहसीलदार सदर दीपक गौतम भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने विशेष रूप से युवाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया।

456 बीएलओ ने किया प्रतिभाग

विशेष अभियान दिवस पर जनपद के 456 बूथ लेवल अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के कार्मिकों ने सहभागिता की। अभियान के दौरान नए मतदाताओं को चिह्नित करने, फॉर्म संकलन, ऑनलाइन फीडिंग, मतदाता सूची के शुद्धिकरण और सत्यापन पर विशेष जोर दिया गया।

जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, सुपरवाइजरों और बीएलओ को निर्देशित किया कि विशेष अभियान में शत-प्रतिशत कार्मिकों की उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए अधिक से अधिक पात्र युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराए जाएं।

अभियान में तहसीलदार सदर दीपक गौतम, खंड विकास अधिकारी सुरसा दीपांकर आर्य, बावन की खंड विकास अधिकारी कविता अवस्थी, खंड शिक्षा अधिकारी बावन राकेश कुमार, नायब तहसीलदार सदर वसुंधरा त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारियों ने विभिन्न स्तरों पर अभियान की जिम्मेदारी संभाली।

29 नवंबर को भी चलेगा विशेष अभियान

भारत निर्वाचन आयोग के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 कार्यक्रम के तहत अगला विशेष अभियान रविवार, 29 नवंबर 2026 को भी आयोजित किया जाएगा। प्रशासन ने पात्र नागरिकों, विशेषकर युवा मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने तथा आवश्यक संशोधन के लिए निर्धारित मतदान केंद्रों पर पहुंचकर संबंधित फॉर्म भरें।

Also Read- BJP Padyatra In Gorakhpur - 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा का दूसरा दिन, गोरखपुर में CM योगी और नितिन नवीन का सियासी शंखनाद

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement