UP FSDA News: यूपी में हेल्थ सप्लीमेंट कंपनियों पर एफएसडीए का शिकंजा, अमेजन-फ्लिपकार्ट समेत 10 कंपनियों को नोटिस; बिक्री पर प्रतिबंध की तैयारी

हेल्थ सप्लीमेंट और न्यूट्रास्यूटिकल के नाम पर उपभोक्ताओं को गुमराह करने वाले उत्पादों के खिलाफ उत्तर प्रदेश खाद्य

By INA News Desk
Nov 28, 2026 - 21:08
28 Views
UP FSDA News: यूपी में हेल्थ सप्लीमेंट कंपनियों पर एफएसडीए का शिकंजा, अमेजन-फ्लिपकार्ट समेत 10 कंपनियों को नोटिस; बिक्री पर प्रतिबंध की तैयारी
Advertisement
Advertisement
  • हेल्थ सप्लीमेंट के नाम मनमानी पर यूपीएफएसडीए का प्रहार, 10 कंपनियों को नोटिस
  • FSSAI से अस्वीकृत अवयवों के इस्तेमाल और बिना वैज्ञानिक प्रमाण स्वास्थ्य लाभ के दावों पर कार्रवाई
  • अमेजन-फ्लिपकार्ट जैसी ई कॉमर्स कंपनियां भी घेरे में, 15 दिन में मांगा जवाब
  • गंभीर उल्लंघन पर यूपी में बिक्री प्रतिबंधित करने, ऑनलाइन लिस्टिंग हटाने और अभियोजन तक की तैयारी
  • आयुक्त एफएसडीए के निर्देश पर मुख्यालय में विशेष समिति की गई गठित

लखनऊ। हेल्थ सप्लीमेंट और न्यूट्रास्यूटिकल के नाम पर उपभोक्ताओं को गुमराह करने वाले उत्पादों के खिलाफ उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने अब तक की बड़ी नियामकीय कार्रवाई शुरू की है। एफएसएसएआई से अस्वीकृत अथवा गैर-अनुमोदित अवयवों के इस्तेमाल और बिना पर्याप्त वैज्ञानिक प्रमाण के स्वास्थ्य संबंधी बड़े-बड़े दावे करने वाली 10 कंपनियों को विभाग ने एक साथ कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। इन कंपनियों के उत्पाद अमेजन सहित ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर बेचे जा रहे हैं। एक मामले में फ्लिपकार्ट को भी नोटिस दिया गया है। संबंधित कंपनियों और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से 15 दिन में जवाब मांगा गया है। संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिलने पर उत्पादों की बिक्री पर प्रतिबंध, बाजार से वापसी, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से डीलिस्टिंग और नियमानुसार अभियोजन की कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ. रोशन जैकब के निर्देश पर शुरू हुई इस कार्रवाई का केंद्र ऐसे उत्पाद हैं, जिनमें नियमानुसार अनुमति के बिना विशेष रासायनिक अथवा वनस्पति अवयवों का इस्तेमाल किया जा रहा है और उन्हें नींद, तनाव, मस्तिष्क की क्षमता, मांसपेशियों की वृद्धि, एंटी-एजिंग, रोग प्रतिरोधक क्षमता और कोशिकाओं की मरम्मत जैसे लाभों से जोड़कर प्रचारित किया जा रहा है। विभाग ने खास तौर पर उन ब्रांडों को प्राथमिकता दी है, जिनका उत्तर प्रदेश में उपभोक्ता आधार है और जो ऑनलाइन माध्यम से बड़े पैमाने पर बिक्री कर रहे हैं।

इन दस कंपनियों को नोटिस जारी

जिन कंपनियों को नोटिस जारी किए गए हैं उनमें हमिंग हर्ब्स, प्योरसोर्स न्यूट्रिशन प्राइवेट लिमिटेड, डिस्निल बायोटेक, विटामेडिक हेल्थ न्यूट्रास्यूटिकल्स, न्यूट्रा हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड, हर्ब्स न्यूट्रीप्रोडक्ट्स, ट्रेक्सजेन फार्मास्यूटिकल्स, एमजी एंटरप्राइजेज, यूराफोर लाइफ साइंसेज और एचआईएम न्यूट्रिशन शामिल हैं।

कई उत्पादों में गैर-अनुमोदित अवयव, दावों का वैज्ञानिक आधार भी सवालों में

जांच के दौरान जिन 10 उत्पादों को नोटिस जारी किए गए हैं, उनमें नींद और तनाव से राहत देने वाले सप्लीमेंट से लेकर प्री-वर्कआउट, मस्तिष्क की कार्यक्षमता बढ़ाने वाले उत्पाद, एंटी-एजिंग फॉर्मूलेशन और कैल्शियम सप्लीमेंट तक शामिल हैं। इनमें 5-एचटीपी, गैबा, नाइट्रोसिजिन, निकोटिनामाइड राइबोसाइड (एनआर), निकोटिनामाइड एडेनिन डाइन्यूक्लियोटाइड (एनएडी+), एनएमएन, योहिम्बे बार्क एक्सट्रैक्ट और रोडियोला रोजिया जैसे अवयवों के इस्तेमाल की नियामकीय अनुमति पर सवाल उठाए गए हैं। कुछ उत्पादों में ऐसे फॉर्मूलेशन भी सामने आए हैं, जिनके अनुमोदन संबंधी आवेदन पहले अस्वीकृत किए जाने का उल्लेख किया गया है। नोटिस पाने वाले उत्पादों में हमिंग हर्ब्स 5-एचटीपी+, मसल बिल्डर्स एक्सट्रीम द वुल्फ प्री-वर्कआउट, एनएडी+ निकोटिनामाइड राइबोसाइड, न्यूट्रालिबे एनएडी 300 एमजी, न्यूट्राजेन लॉन्गेविटी प्रो, प्योर न्यूट्रिशन नेचुरल ट्रेजर्स गैबा, ट्रेक्सजेनिक्स मेमोबूस्ट एडवांस्ड नूट्रोपिक, हेल्दी पिल एनएडी+ 250 एमजी, ईयूआर हेल्थ कोरल कैल्शियम च्यूएबल टैबलेट्स और एचआईएम न्यूट्रिशन प्री-वर्कआउट न्यूरो चार्ज शामिल हैं।

नोटिस में इन दावों पर उठाए गए सवाल

हमिंग हर्ब्स 5-एचटीपी+ में 5-एचटीपी और गैबा के इस्तेमाल के साथ नींद जल्दी लाने, बेहतर नींद और तनाव से राहत के दावों की जांच की जा रही है। मसल बिल्डर्स एक्सट्रीम द वुल्फ प्री-वर्कआउट में नाइट्रोसिजिन के इस्तेमाल की अनुमति और रक्त प्रवाह, ताकत, ऊर्जा तथा मांसपेशियों में पंप बढ़ाने संबंधी दावों पर सवाल उठाए गए हैं। एनएडी+ निकोटिनामाइड राइबोसाइड और न्यूट्रालिबे एनएडी उत्पादों में कोशिकीय ऊर्जा, डीएनए रिपेयर, एंटी-एजिंग और मस्तिष्क की कार्यक्षमता बढ़ाने संबंधी दावों की जांच हो रही है। इसी तरह न्यूट्राजेन लॉन्गेविटी प्रो में एनएमएन, फिसेटिन, एपिजेनिन, स्पर्मिडीन और एल-एर्गोथायोनीन जैसे अवयवों की अनुमति के साथ उम्र बढ़ने की प्रक्रिया और सूजन को नियंत्रित करने संबंधी दावों पर आपत्ति है। प्योर न्यूट्रिशन के गैबा उत्पाद में प्रति सर्विंग 750 मिलीग्राम गैबा घोषित है। ट्रेक्सजेनिक्स मेमोबूस्ट में रोडियोला रोजिया के इस्तेमाल और पांच वनस्पति अवयवों की अलग-अलग मात्रा घोषित नहीं करने का मामला है। इसके प्रचार में माइग्रेन, थायरॉइड, लिवर, पैंक्रियाज और यूरिक एसिड जैसे स्वास्थ्य संबंधी दावों की भी जांच की जा रही है। हेल्दी पिल एनएडी+ में एनएडी+ के इस्तेमाल के साथ यह सवाल भी उठाया गया है कि हेल्थ सप्लीमेंट निर्माण के लिए आवश्यक लाइसेंस के स्थान पर केवल एफएसएसएआई रजिस्ट्रेशन का इस्तेमाल तो नहीं किया गया। ईयूआर हेल्थ कोरल कैल्शियम उत्पाद में समुद्री स्रोत से प्राप्त कोरल कैल्शियम के बावजूद शाकाहारी/वीगन उत्पाद के रूप में प्रचार करने तथा पहले अस्वीकृत किए जा चुके फॉर्मूलेशन के इस्तेमाल का मामला है। वहीं, एचआईएम न्यूट्रिशन न्यूरो चार्ज में योहिम्बे बार्क एक्सट्रैक्ट के इस्तेमाल, कैफीन एवं अन्य अवयवों की अनिवार्य चेतावनियों और ऊर्जा, हार्मोन तथा मांसपेशियों से जुड़े दावों की जांच की जा रही है।

डॉक्टरों की अनुशंसा और नियामकीय लोगो के इस्तेमाल पर भी सवाल

विभागीय जांच केवल अवयवों तक सीमित नहीं है। कुछ उत्पादों के प्रचार में चिकित्सकों की अनुशंसा, मेडिकल पेशेवर जैसी वेशभूषा, एफएसएसएआई और अन्य प्रमाणन संस्थाओं के लोगो तथा पंजीकरण संबंधी दावों के इस्तेमाल पर भी आपत्ति जताई गई है। न्यूट्राजेन लॉन्गेविटी प्रो के प्रचार में डॉक्टरों द्वारा तैयार और अनुशंसित किए जाने का दावा किया गया है। न्यूट्रालिबे एनएडी के प्रचार में चिकित्सकीय पेशेवर जैसी छवि का इस्तेमाल सामने आया है। विभाग ने ऐसे प्रचार को उपभोक्ताओं के बीच चिकित्सकीय स्वीकृति अथवा सरकारी अनुमोदन का भ्रम पैदा करने वाला मानते हुए स्पष्टीकरण मांगा है।इसके अतिरिक्त कई उत्पादों में भारतीय मानकों के अनुरूप लेबलिंग नहीं होने, ‘सप्लीमेंट फैक्ट्स’ और ‘प्रतिशत डेली वैल्यू’ जैसे प्रारूपों का इस्तेमाल करने, जबकि भारतीय नियमों के अनुसार लागू श्रेणी में ‘न्यूट्रिशनल इन्फॉर्मेशन’ और ‘प्रतिशत आरडीए’ जैसी घोषणाएं अपेक्षित होने तथा ‘औषधीय उपयोग के लिए नहीं’ (नॉट फॉर मेडिसिनल यूज), अनुशंसित दैनिक मात्रा और अन्य अनिवार्य चेतावनियां प्रदर्शित नहीं करने के आरोप हैं। कुछ मामलों में निर्माता, पैकर, मार्केटर अथवा विक्रेता के पूरे पते और वैध एफएसएसएआई लाइसेंस की जानकारी भी स्पष्ट नहीं मिली है। एक उत्पाद में कैफीन की मात्रा के बावजूद आवश्यक चेतावनी प्रमुखता से प्रदर्शित नहीं होने तथा दूसरे में घोषित अवयवों की मात्रा में विरोधाभास का मामला भी सामने आया है।

अमेजन और फ्लिपकार्ट से भी मांगा जवाब

इन मामलों में ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म की भूमिका भी जांच के केंद्र में है। अधिकांश नोटिसों में अमेजन सेलर सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड को संबंधित निर्माता, मार्केटर अथवा विक्रेता के साथ पक्षकार बनाया गया है। हेल्दी पिल एनएडी+ के मामले में अमेजन के साथ फ्लिपकार्ट इंटरनेट प्राइवेट लिमिटेड को भी नोटिस दिया गया है। प्लेटफॉर्म से पूछा गया है कि उत्पादों की लिस्टिंग से पहले संबंधित विक्रेताओं के लाइसेंस, उत्पाद की श्रेणी, सामग्री, लेबल और विज्ञापन संबंधी दावों की जांच के लिए क्या प्रक्रिया अपनाई गई। साथ ही संबंधित उत्पादों को हटाने, उनकी बिक्री रोकने और आवश्यक होने पर वापसी अथवा रिकॉल की कार्रवाई में सहयोग का ब्योरा भी मांगा गया है।

मुख्यालय में विशेष समिति, 15 दिन में कंपनियों को देना होगा वैज्ञानिक साक्ष्य

प्रदेश में बिक रहे न्यूट्रास्यूटिकल उत्पादों की जांच को व्यवस्थित और व्यापक बनाने के लिए एफएसडीए मुख्यालय में विशेष समिति का गठन किया गया है। अपर आयुक्त (प्रशासन), खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। संयुक्त आयुक्त (खाद्य) हरि शंकर सिंह को समिति का पर्यवेक्षक बनाया गया है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित प्रकाश वर्मा और संजय पाण्डे सहित खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को सदस्य बनाया गया है। समिति में जितेन्द्र, प्रशंसा सिंह, प्रीती, मंजरी मिश्रा, अंकिता श्रीवास्तव तथा आगरा और बिजनौर के अमित कुमार सिंह भी शामिल हैं।समिति को ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर बिक्री के लिए प्रदर्शित उत्पादों, संबंधित इकाइयों के निरीक्षणों और अन्य माध्यमों से सामने आए उत्पादों की विस्तृत जांच का दायित्व दिया गया है। इसमें खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 22 और हेल्थ सप्लीमेंट, न्यूट्रास्यूटिकल, विशेष आहार एवं अन्य संबंधित उत्पादों के लिए निर्धारित 2016 के विनियमों के अनुरूप अवयवों, उनकी मात्रा, स्वास्थ्य संबंधी दावों, लेबलिंग, पैकेजिंग, संदूषकों, खाद्य योजकों, स्वच्छता और सैनिटेशन की स्थिति परखी जाएगी। समिति उत्पादों के लेबल और उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर परीक्षण रिपोर्ट नोडल अधिकारी को सौंपेगी। इसके बाद संबंधित कंपनियों को कथित उल्लंघनों पर साक्ष्य, वैज्ञानिक तथ्य और नियामकीय दस्तावेजों के साथ 15 दिनों में अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाएगा। प्राप्त स्पष्टीकरण का परीक्षण कर समिति अपनी आख्या प्रस्तुत करेगी।

गंभीर उल्लंघन पर प्रदेश में बिक्री पर रोक और वितरकों तक कार्रवाई

जांच में उल्लंघन प्रमाणित होने पर समिति साक्ष्यों सहित संबंधित प्रकरण भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) को संदर्भित करेगी। उल्लंघन की गंभीरता को देखते हुए संबंधित उत्पाद में सुधार होने तक उत्तर प्रदेश में उसकी बिक्री प्रतिबंधित करने के लिए आयुक्त, खाद्य सुरक्षा के समक्ष प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाएगा। आयुक्त द्वारा प्रतिबंध आदेश पर हस्ताक्षर किए जाने के बाद नोडल अधिकारी के माध्यम से सभी जनपदों में उसका क्रियान्वयन कराया जाएगा। इसके तहत संबंधित कंपनियों के वितरकों, थोक विक्रेताओं और सीएंडएफ प्रतिष्ठानों पर भी प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी।

Also Read- Tech News Leak: ऑनर ला रहा 8,000mAh बैटरी और 200MP कैमरे वाला नया 5G फोन, वाइड-स्क्रीन डिजाइन की टेस्टिंग शुरू

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement