UP News: यूपी में खाद्य सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत, 414 नए कनिष्ठ विश्लेषकों का हुआ अंतिम चयन; मिलावटखोरों पर कार्रवाई को मिलेगी गति

प्रदेश में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावट के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि

By INA News Desk
Nov 27, 2026 - 18:14
6 Views
UP News: यूपी में खाद्य सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत, 414 नए कनिष्ठ विश्लेषकों का हुआ अंतिम चयन; मिलावटखोरों पर कार्रवाई को मिलेगी गति
Advertisement
Advertisement
  • खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को मिलेगी मजबूती, यूपी को मिलेंगे 414 नए कनिष्ठ विश्लेषक
  • खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच और मिलावट के विरुद्ध अभियान को मिलेगी गति
  • खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग में चयनित होंगे 414 कनिष्ठ विश्लेषक (खाद्य)
  • 417 पदों के सापेक्ष UPSSSC ने किया 414 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन, प्रयोगशालाओं में बढ़ेगी तकनीकी क्षमता

लखनऊ। प्रदेश में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावट के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को 414 नए कनिष्ठ विश्लेषक (खाद्य) मिलेंगे। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने इस पद के लिए 417 विज्ञापित पदों के सापेक्ष 414 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया है। चयनित कार्मिकों की नियुक्ति से खाद्य पदार्थों के नमूनों के परीक्षण, उनकी गुणवत्ता के वैज्ञानिक विश्लेषण और खाद्य सुरक्षा से जुड़े तकनीकी कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने पर जोर दे रही है। इसी दिशा में विभागीय मानव संसाधन और तकनीकी क्षमता का विस्तार महत्वपूर्ण है। कनिष्ठ विश्लेषक (खाद्य) के पदों पर चयन से खाद्य नमूनों की जांच और विश्लेषण की प्रक्रिया को अतिरिक्त सहयोग मिलेगा। इससे मिलावट के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियानों को भी मजबूती मिलने की संभावना है।

  • खाद्य नमूनों की जांच और गुणवत्ता परीक्षण को मिलेगा सहयोग

खाद्य सुरक्षा व्यवस्था में कनिष्ठ विश्लेषकों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। खाद्य पदार्थों के नमूनों का प्रयोगशालाओं में परीक्षण और वैज्ञानिक विश्लेषण मिलावट की पहचान तथा गुणवत्ता संबंधी मानकों के अनुपालन की जांच में अहम भूमिका निभाता है। ऐसे में नए कनिष्ठ विश्लेषकों की उपलब्धता से विभाग के तकनीकी कार्यों को अतिरिक्त मानव संसाधन मिलेगा।

प्रदेश में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, मिलावट के मामलों की जांच और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की रक्षा के लिए विभाग की ओर से विभिन्न अभियान संचालित किए जाते हैं। इन अभियानों की प्रभावशीलता जांच और विश्लेषण की तकनीकी क्षमता पर भी निर्भर करती है। नए कार्मिकों की नियुक्ति से इस दिशा में विभाग को सहयोग मिलने की उम्मीद है।

  • भर्ती प्रक्रिया हुई पूरी

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने विज्ञापन संख्या 04-परीक्षा/2024 के तहत इन पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी कर ली है। इसकी मुख्य लिखित परीक्षा 16 फरवरी 2025 को आयोजित की गई थी। परीक्षा के बाद अर्हता और अभिलेख परीक्षण की प्रक्रिया पूरी करते हुए आयोग ने 417 विज्ञापित पदों के सापेक्ष 414 अभ्यर्थियों के अंतिम चयन को अनुमोदित किया है। चयनित अभ्यर्थियों के अनुक्रमांक और श्रेणीवार कटऑफ आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।

  • विभिन्न श्रेणियों में 414 अभ्यर्थियों का चयन

श्रेणीवार चयन विवरण के अनुसार कुल 414 चयनित अभ्यर्थियों में 168 अनारक्षित वर्ग, 87 अनुसूचित जाति, 04 अनुसूचित जनजाति, 114 अन्य पिछड़ा वर्ग और 41 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के अभ्यर्थी शामिल हैं। चयन प्रक्रिया में क्षैतिज आरक्षण के प्रावधानों का भी पालन किया गया है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के आश्रितों की श्रेणी में विज्ञापित आठ पदों के सापेक्ष चार अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। सैन्य वियोजित एवं भूतपूर्व सैनिक श्रेणी के लिए निर्धारित 20 पदों के सापेक्ष चार अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। उत्कृष्ट खिलाड़ियों की श्रेणी में अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होने के कारण इन पदों पर मेरिट के क्रम में अन्य अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।

अनुसूचित जनजाति श्रेणी के सात विज्ञापित पदों के सापेक्ष चार अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। शेष तीन पद अधियाचनकर्ता विभाग को अग्रसारित किए जाएंगे। आयोग के अनुसार क्षैतिज आरक्षण के अंतर्गत चयनित अभ्यर्थियों को उनकी मूल श्रेणी में ही समाहित किया गया है।

  • 18 अभ्यर्थियों का चयन औपबंधिक

आयोग ने 18 अभ्यर्थियों को औपबंधिक रूप से चयनित किया है। इनका अंतिम चयन आयोग अथवा अधियाचनकर्ता विभाग के निर्णय के अधीन रहेगा। इसके अतिरिक्त चयन परिणाम से संबंधित न्यायालयों में विचाराधीन विशेष अनुज्ञा याचिकाओं, विशेष अपीलों और रिट याचिकाओं में पारित होने वाले आदेशों के अधीन होगा।

Also Read : UP Assembly Election 2027 Alliance: यूपी चुनाव से पहले गठबंधन पर सपा नेता यामीन खान का बड़ा दावा, बोले- जल्द होगा ऐलान, अखिलेश ही होंगे सीएम चेहरा

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement