UP Khadi Mahotsav 2026: लखनऊ में 'उत्तर प्रदेश खादी महोत्सव-2026' का शुभारंभ, 150 स्टॉल पर दिखेगी स्वदेशी हुनर और उद्यमिता की झलक

प्रदेश के खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा तथा वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान ने शुक्रवार को गोमती नगर स्थित

By INA News Desk
Nov 27, 2026 - 18:19
7 Views
UP Khadi Mahotsav 2026: लखनऊ में 'उत्तर प्रदेश खादी महोत्सव-2026' का शुभारंभ, 150 स्टॉल पर दिखेगी स्वदेशी हुनर और उद्यमिता की झलक
Advertisement
Advertisement
  • खादी केवल वस्त्र नहीं, बल्कि स्वाभिमान, स्वदेशी और आत्मनिर्भरता का विचार है: मंत्री राकेश सचान
  • खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री ने गोमती नगर स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय प्रांगण में 10 दिवसीय 'उत्तर प्रदेश खादी महोत्सव-2026' का किया शुभारंभ
  • "धागों में संस्कृति, खादी से प्रगति" की थीम पर 06 दिसम्बर तक आयोजित महोत्सव में प्रदेश भर के उद्यमियों व शिल्पकारों ने लगाए हैं 150 स्टॉल
  • विगत 05 वर्षों में ₹2,544.35 करोड़ के ऋण वितरण से 24,799 ग्रामोद्योग इकाइयां स्थापित, 2.79 लाख से अधिक लोगों को मिला प्रत्यक्ष रोजगार
  • खादी वस्त्रों और गारमेंट्स पर मिल रही 30 प्रतिशत विशेष छूट, मंत्री ने लोगों से महोत्सव में आकर कम से कम एक खादी वस्त्र खरीदने की अपील की

लखनऊ: प्रदेश के खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा तथा वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान ने शुक्रवार को गोमती नगर स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय प्रांगण में 10 दिवसीय राज्य स्तरीय 'उत्तर प्रदेश खादी महोत्सव-2026' का शुभारंभ किया। उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से आयोजित यह महोत्सव 27 नवम्बर से 06 दिसम्बर 2026 तक चलेगा। उद्घाटन समारोह में प्रमुख सचिव खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग अनिल कुमार सागर तथा मुख्य कार्यपालक अधिकारी उ.प्र. खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड शिशिर उपस्थित रहे।

"धागों में संस्कृति, खादी से प्रगति" की थीम पर आधारित इस महोत्सव में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए खादी एवं ग्रामोद्योग उद्यमियों तथा शिल्पकारों द्वारा कुल 150 स्टॉल लगाए गए हैं। मंत्री राकेश सचान ने सभी स्टालों का अवलोकन किया और कारीगरों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि आज की खादी 100 प्रतिशत शुद्ध कॉटन की विश्वसनीयता के साथ आधुनिक और डिजाइनर परिधानों के रूप में युवाओं की पहली पसंद बनती जा रही है।

उद्घाटन अवसर पर अपने संबोधन में मंत्री राकेश सचान ने कहा कि खादी केवल एक वस्त्र नहीं है, बल्कि यह स्वाभिमान, स्वदेशी और आत्मनिर्भरता का सशक्त विचार है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने देश की स्वतंत्रता और स्वावलंबन की लड़ाई में खादी को सबसे बड़ा माध्यम बनाया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'वोकल फॉर लोकल' तथा 'आत्मनिर्भर भारत' के आह्वान से वर्ष 2014 के बाद खादी को नई पहचान और नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अपने 'मन की बात' कार्यक्रम के माध्यम से निरंतर देशवासियों को खादी अपनाने और बुनकरों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं, जिससे लाखों बुनकर परिवारों को सीधा संबल मिल रहा है।

मंत्री राकेश सचान ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजित कर युवाओं को 'नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला' बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विगत 05 वर्षों में 'मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना' और 'प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम' के अंतर्गत ₹2,544.35 करोड़ का ऋण वितरित किया गया है। इस वित्तीय सहयोग से प्रदेश भर में 24,799 ग्रामोद्योग इकाइयां स्थापित हुई हैं, जिनसे 2,79,000 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है। इसके अतिरिक्त, प्रदेश के सभी 18 मंडलों में आयोजित 115 प्रदर्शनियों के 27,508 स्टालों के माध्यम से उद्यमियों ने ₹161.54 करोड़ से अधिक की बिक्री की है, जो खादी और ग्रामोद्योग उत्पादों के प्रति आमजन के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।

मंत्री राकेश सचान ने कहा कि विवाह तथा अन्य मांगलिक आयोजनों में भी खादी के परिधानों को अपनाकर हम अपनी पारंपरिक संस्कृति को समृद्ध कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि ग्राहकों की सुविधा के लिए विभिन्न शहरों में नए खादी बिक्री केंद्र खोले जा रहे हैं। साथ ही, गांधी जयंती (02 अक्टूबर) से खादी वस्त्रों और गारमेंट्स की खरीद पर 30 प्रतिशत की विशेष छूट दी जा रही है, ताकि अधिक से अधिक लोग स्वदेशी उत्पादों से जुड़ सकें।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री राकेश सचान ने उपस्थित जनसमूह को 'खादी को जन-जन तक पहुंचाने, ग्रामोद्योग उत्पादों को बढ़ावा देने, स्थानीय कारीगरों को उचित बाजार उपलब्ध कराने, युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने तथा स्वदेशी अपनाकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प भी दिलाया। उन्होंने राजधानी लखनऊ के निवासियों से विशेष आग्रह किया कि वे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए इस महोत्सव में अवश्य आएं और कम से कम एक खादी वस्त्र की खरीदारी कर बुनकरों व शिल्पकारों का मान बढ़ाएं।

Also Read : UP Assembly Election 2027 Alliance: यूपी चुनाव से पहले गठबंधन पर सपा नेता यामीन खान का बड़ा दावा, बोले- जल्द होगा ऐलान, अखिलेश ही होंगे सीएम चेहरा

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement