Hardoi News: हरदोई में मिलावटखोरों पर खाद्य विभाग का शिकंजा, 60 किलो काजू सीज; 10 किलो सड़े रसगुल्ले नष्ट
दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी से मचा हड़कंप, बिना लाइसेंस चल रही फैक्ट्री बंद कराकर मुकदमा दर्ज कराया
हरदोई। दीपावली के त्योहार को देखते हुए आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा जिलाधिकारी हरदोई के निर्देश पर अंतर जनपदीय टीम के सहयोग से विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न मिठाई प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर कार्रवाई की। इस दौरान 10 किलोग्राम सड़े रसगुल्ले नष्ट कराए गए, जबकि लगभग 53 हजार रुपये कीमत के 60 किलोग्राम काजू सीज किए गए।

- महादेव स्वीट्स में सड़े रसगुल्ले नष्ट
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बिलग्राम चुंगी स्थित महादेव स्वीट्स पर छापेमारी की। यहां 10 किलोग्राम सड़े हुए रसगुल्ले मौके पर ही नष्ट कराए गए। इसके साथ ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए खोया और रसमलाई के नमूने संग्रहित किए गए। प्रतिष्ठान में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर संचालक को नोटिस जारी किया गया।
- सांवरिया स्वीट्स से 60 किलो काजू सीज
टीम ने डीएम चौराहा स्थित सांवरिया स्वीट्स पर भी कार्रवाई की। यहां से गुणवत्ताहीन काजू का नमूना लेकर लगभग 60 किलोग्राम काजू सीज कर दिए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 53 हजार रुपये बताई गई है। विभाग के अनुसार, बिना लाइसेंस संचालित फैक्ट्री को बंद कराते हुए मुकदमा भी दर्ज कराया गया है।

- वृंदावन स्वीट्स से पेड़े का नमूना लिया
एसपी तिराहा स्थित वृंदावन स्वीट्स पर निरीक्षण के दौरान पेड़े का नमूना संग्रहित किया गया। प्रतिष्ठान में पाई गई अनियमितताओं के संबंध में संबंधित को नोटिस जारी किया गया है।
- संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
इस छापेमारी अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी एस.के. श्रीवास्तव के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्ञान प्रकाश, पटेल, मान सिंह और निरंजन प्रमुख रूप से मौजूद रहे। टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा संबंधी नियमों के अनुपालन की जांच की।

- मिलावटखोरों को बख्शा नहीं जाएगा: खाद्य विभाग
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने स्पष्ट किया है कि दीपावली के दौरान मिलावटी और असुरक्षित खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग का उद्देश्य त्योहार के दौरान लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना और जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों पर प्रभावी अंकुश लगाना है।
— कुमार गुंजन, सहायक आयुक्त खाद्य, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, हरदोई (उत्तर प्रदेश)
What's Your Reaction?

