Hardoi News: हरदोई में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई- सोहन पापड़ी निर्माण केंद्र पर छापा,335 किलो मिठाई समेत सामग्री सीज
आगामी दशहरा एवं दीपावली पर्व को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन
हरदोई। आगामी दशहरा एवं दीपावली पर्व को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने जनपद में विशेष सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। इसी क्रम में गुरुवार को हरदोई सदर के बैरैया पुरवा स्थित सोहन पापड़ी निर्माण केंद्र पर खाद्य विभाग की टीम ने औचक छापेमारी की।
सहायक आयुक्त (खाद्य-II) कुमार गुंजन के निर्देशन में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेंद्र कुमार श्रीवास्तव एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की संयुक्त टीम ने विपिन गुप्ता के सोहन पापड़ी निर्माण केंद्र पर कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान परिसर में अत्यधिक गंदगी के बीच खाद्य पदार्थों का निर्माण होता पाया गया। साथ ही खाद्य सुरक्षा मानकों के शेड्यूल-4 का पालन भी नहीं मिला।
जांच के दौरान निर्माण केंद्र में रखे खाद्य पदार्थों के पैकेट एवं पात्रों पर निर्माण तिथि, एक्सपायरी तिथि और बेस्ट बिफोर जैसी आवश्यक जानकारियां भी अंकित नहीं थीं। गंभीर खामियां मिलने पर विभाग ने मौके पर ही निर्माण प्रक्रिया तत्काल प्रभाव से बंद करा दी और प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिया।
- पांच खाद्य पदार्थों के नमूने लिए
टीम ने मौके से सोहन पापड़ी, बेसन, बूंदी, मैदा और पाम ऑयल के कुल पांच नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे हैं। विभाग के अनुसार कार्रवाई के दौरान 335 किग्रा सोहन पापड़ी (अनुमानित कीमत ₹1,03,850), 102 किग्रा बेसन (₹15,300) और 150 किग्रा बूंदी (₹14,250) को सीज किया गया।
इसके अलावा एक्सपायरी, सड़ी और फंगस लगी असुरक्षित सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया गया। इसमें करीब 3 कुंतल सड़ी सोहन पापड़ी, 1 कुंतल खराब नमकीन, लगभग 1.50 कुंतल सड़ी सूजी व फंगस लगा बेसन तथा 3 कुंतल खराब अरारोट एवं मैदा शामिल है।
- मिलावटखोरों के खिलाफ जारी रहेगा अभियान
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दशहरा और दीपावली पर्व के दौरान मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान लगातार और कड़ाई से जारी रहेगा। विभाग ने कहा कि आमजन के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी कारोबारी को बख्शा नहीं जाएगा और अवैध व अमानक खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। छापेमार टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्ञान प्रकाश, अनुराग सिंह और चित्रसेन शामिल रहे।
What's Your Reaction?