संडीला में बाबा खाटू श्याम की भव्य निशान यात्रा, भक्ति में डूबा पूरा नगर
संडीला में खाटू श्याम मंदिर से निकली भव्य निशान यात्रा। पीले-नीले ध्वज लेकर भजनों पर झूमे सैकड़ों भक्त, पुष्पवर्षा और झांकियों से भक्तिमय हुआ माहौल।
- श्याम भक्ति में रंगा संडीला, निशान यात्रा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
- पीले-नीले निशान लेकर निकले सैकड़ों श्रद्धालु, राधा-कृष्ण की झांकी और सजे रथ ने खींचा लोगों का ध्यान
रिपोर्टर : मुकेश सिंह सोमवंशी
संडीला। बुधवार शाम गल्ला मंडी स्थित खाटू श्याम मंदिर से बाबा श्याम की तीसरी भव्य शोभायात्रा निकाली गई। पीले-नीले निशान हाथों में थामे सैकड़ों श्रद्धालु बाबा श्याम के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। भजनों की धुन पर श्रद्धालु नाचते-गाते रहे। इससे शहर का माहौल भक्तिमय हो गया।

शोभायात्रा गल्ला मंडी से शुरू होकर मानसनगर, स्टेशन रोड और कोतवाली के पास से होते हुए इमलियाबाग पहुंची। करीब ढाई किलोमीटर लंबे मार्ग पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।
शोभायात्रा में राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। फूलों से सजे बाबा श्याम के रथ के दर्शन के लिए सड़क किनारे लोगों की भीड़ जुटी रही। ढोल और डीजे की धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। बाबा श्याम के जयकारों से पूरा मार्ग गूंजता रहा।
सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रही पुलिस
शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए संडीला पुलिस सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर मुस्तैद रही। शोभायात्रा के मार्ग पर पुलिसकर्मी लगातार निगरानी करते रहे। भीड़ को व्यवस्थित रखने के साथ यातायात को सुचारु बनाए रखने पर भी विशेष ध्यान दिया गया।

कोतवाल अनुराग सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली। कस्बा चौकी प्रभारी संजीव शाक्य, यातायात प्रभारी अनिल सैनी और बस अड्डा चौकी प्रभारी भूपेंद्र सिंह सहित पुलिसकर्मी पूरे कार्यक्रम के दौरान मौजूद रहे। पुलिस की सक्रिय निगरानी के बीच शोभायात्रा शांतिपूर्ण ढंग से आगे बढ़ी।
ये रहे मौजूद
शोभायात्रा में विधायक अलका अर्कवंशी, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अमित गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि कछौना संचित अग्रवाल, डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा, भाजपा नेत्री वंदना तिवारी, नगर अध्यक्ष रमन जायसवाल, पीयूष गुप्ता, सभासद अर्पित गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष महेंद्र सोनी, सौरभ गुप्ता, शैलेश अग्निहोत्री, राष्ट्रीय बजरंग दल संडीला के विभाग अध्यक्ष अजय, भाजपा नेता पंकज शुक्ला, प्रमोद सिंह, वंदन तिवारी, कमल विश्वकर्मा, जयनारायण, जिला अध्यक्ष अमन, विष्णु गुप्ता, सुमित समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
बर्बरीक के रूप में पूजे जाते हैं खाटू श्याम
धार्मिक मान्यता के अनुसार खाटू श्याम जी को महाभारत काल के वीर बर्बरीक के रूप में पूजा जाता है। मान्यता है कि बर्बरीक ने भगवान श्रीकृष्ण को अपना शीश दान किया था। उनकी भक्ति और त्याग से प्रसन्न होकर भगवान श्रीकृष्ण ने उन्हें कलियुग में अपने नाम श्याम से पूजे जाने का वरदान दिया।

राजस्थान के सीकर जिले में स्थित खाटू श्याम मंदिर देशभर के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। बाबा श्याम को भक्त ‘हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा’ और ‘तीन बाणधारी’ जैसे नामों से पुकारते हैं। निशान यात्रा को बाबा श्याम के प्रति श्रद्धा और समर्पण का प्रतीक माना जाता है।
What's Your Reaction?