सीतापुर में आकाशीय बिजली गिरने से 14 वर्षीय किशोर की मौत, महिला झुलसी
सीतापुर के मिश्रिख में आकाशीय बिजली गिरने से 14 वर्षीय किशोर की मौत, झोपड़ी में मौजूद महिला झुलसी। प्रशासन ने आपदा राहत कोष से मदद का भरोसा दिया।
रिपोर्ट : सुरेंद्र मोठी INA News संवाददाता नैमिषारण्य
सीतापुर जिले के मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र स्थित इमलिया गांव में तेज आंधी और बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से 14 वर्षीय किशोर की जान चली गई, जबकि पास ही मौजूद 55 वर्षीय महिला गंभीर रूप से झुलस गई। इस अप्रत्याशित हादसे से गांव में सनसनी फैल गई और प्रभावित परिवारों में चीख-पुकार मच गई।

इमलिया गांव निवासी मुन्नालाल का 14 वर्षीय पुत्र गंगाराम खेत में काम कर रहे अपने पिता को भोजन देने गया था। वहां से लौटते समय मौसम अचानक बिगड़ गया और तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश होने लगी। बारिश से बचने के लिए गंगाराम खेत किनारे बनी एक कच्ची झोपड़ी में रुक गया। उस वक्त महमूदपुर गांव की निवासी माया देवी भी उसी झोपड़ी में मौजूद थीं। इसी दौरान तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली सीधे झोपड़ी पर आ गिरी।
बिजली के जोरदार झटके की चपेट में आने से गंगाराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि माया देवी गंभीर रूप से झुलस गईं। गड़गड़ाहट की आवाज सुनकर आसपास खेतों में मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े और दोनों को बाहर निकाला। ग्रामीणों ने तुरंत घटना की सूचना स्थानीय पुलिस और प्रशासन को दी।

सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक श्याम दास वर्मा और चौकी प्रभारी शिवकुमार यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। इसके साथ ही राजस्व विभाग की टीम ने भी गांव पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया और घटना की प्राथमिक रिपोर्ट तैयार की।
हादसे में झुलसी माया देवी को ग्रामीणों और पुलिस की मदद से मिश्रिख स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। इस संबंध में तहसीलदार दीपक कुमार गुप्ता ने बताया कि आकाशीय बिजली की चपेट में आने से हुई मौत के मामले में परिजनों को शासन के नियमानुसार आपदा राहत कोष से आर्थिक सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
What's Your Reaction?