Hardoi News: दिवाली से पहले हरदोई में FSDA का बड़ा एक्शन! मिठाई-नमकीन की दुकानों पर छापेमारी, 20 किलो खराब लड्डू मौके पर नष्ट
दीपावली के त्योहारी सीजन में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने और आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने
हरदोई। दीपावली के त्योहारी सीजन में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने और आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) विभाग ने जनपद में सघन छापेमारी अभियान चलाया। जिलाधिकारी हरदोई एवं आयुक्त FSDA के निर्देशन में विभागीय प्रवर्तन टीमों ने विभिन्न मिठाई और नमकीन निर्माण इकाइयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए, जबकि खराब एवं दूषित मिठाइयों को मौके पर ही नष्ट कराया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई से मिलावटखोरों और अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य सामग्री तैयार करने वाले कारोबारियों में हड़कंप मचा रहा।

- मल्लावां और बिलग्राम में नमकीन निर्माण इकाइयों पर कार्रवाई
धनंजय सिंह की नमकीन विनिर्माण इकाई (मल्लावां, बिलग्राम) के निरीक्षण के दौरान नमकीन में अत्यधिक रंगों का प्रयोग और भारी गंदगी पाई गई। टीम ने मौके से नमकीन एवं बेसन के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे तथा इकाई संचालक को सुधार नोटिस जारी किया। इसी क्रम में राजेश कुमार की नमकीन निर्माण इकाई (मल्लावां) में भी अत्यंत अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों का निर्माण होता पाया गया। यहां से नमकीन का नमूना संग्रहित कर प्रयोगशाला भेजा गया और संचालक को सुधार नोटिस जारी किया गया।
- मिठाई की दुकानों का निरीक्षण, पेड़े का नमूना लिया
नागेठा रोड स्थित बाबा सम्मी स्वीट शॉप का निरीक्षण कर साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी खाद्य पदार्थों पर 'Use By Date' अंकित करने एवं उसका पालन सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं, नुमाइश चौराहा स्थित पूजा होटल गली के गौरव मिष्ठान भंडार से पेड़े का नमूना लेकर गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। रेलवेगंज स्थित भोला स्वीट्स के संचालक को रंगीन मिठाइयों में निर्धारित मानकों से अधिक रंगों का इस्तेमाल न करने की हिदायत दी गई।

- ओम स्वीट्स में मिली 20 किलो खराब मिठाई, मौके पर नष्ट
रेलवेगंज स्थित ओम स्वीट्स के निरीक्षण के दौरान लगभग 20 किलोग्राम खराब बूंदी के लड्डू एवं अन्य सड़ी-गली और दूषित मिठाइयां पाई गईं। खाद्य सुरक्षा टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी खराब मिठाइयों को मौके पर ही नष्ट करा दिया।

- लगातार जारी रहेगा छापेमारी अभियान
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि दीपावली के त्योहार को देखते हुए विशेष जांच एवं छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा। जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों और खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
कुमार गुंजन, सहायक आयुक्त खाद्य ने खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई, गुणवत्ता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए हैं।
What's Your Reaction?

