Hardoi News: हरदोई में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया कन्या जन्मोत्सव, 29 नवजात बेटियों को मिली बेबी किट
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत महिला कल्याण विभाग की ओर से जिला महिला चिकित्सालय हरदोई में कन्या
हरदोई। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत महिला कल्याण विभाग की ओर से जिला महिला चिकित्सालय हरदोई में कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री संजय निगम के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में नवजात बेटियों और उनके परिवारों को सम्मानित कर बेटी के जन्म की खुशियां साझा की गईं।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुबोध ने कहा कि बेटी का जन्म खुशी और समृद्धि का प्रतीक है। बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा और समान अवसर उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने का संदेश दिया। इस अवसर पर हाल ही में जन्मी लगभग 29 नवजात कन्याओं, उनकी माताओं एवं अभिभावकों को सम्मानित किया गया। सभी लाभार्थी परिवारों को बेबी किट वितरित कर बेटियों के जन्म पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।

कार्यक्रम के दौरान महिला कल्याण विभाग की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। इनमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना तथा सखी वन स्टॉप सेंटर प्रमुख रहीं। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवेदन प्रक्रिया की जानकारी देकर जागरूक किया गया। इस अवसर पर महिला कल्याण विभाग से प्रियंका पाण्डेय, सुरभि सिंह एवं प्रशांत दीक्षित तथा जिला महिला चिकित्सालय से काउंसलर डॉ. गरिमा शुक्ला, न्यूट्रिशनिस्ट महजबी सहित लाभार्थी परिवार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में बेटियों के जन्म को उत्सव के रूप में मनाने, उनके प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने तथा सरकारी योजनाओं के माध्यम से बालिकाओं और महिलाओं को सशक्त बनाने के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
What's Your Reaction?

