Hardoi : आशा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए चिकित्सा विभाग में आशाओं को महिला सशक्तीकरण की मिसाल बताया
मुख्य अतिथि परियोजना निदेशक (डीआरडीए) अशोक कुमार मौर्य ने कहा कि चिकित्सा विभाग में आशा कार्यकर्ता महिला सशक्तीकरण की जीती-जागती मिसाल हैं। वे ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं के
हरदोई के गांधी भवन सभागार में प्रदेश सरकार के नवनिर्माण के 9 वर्ष पूर्ण होने पर 9 दिवसीय कार्यक्रम के तहत चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से आशा कार्यकर्ताओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि परियोजना निदेशक (डीआरडीए) अशोक कुमार मौर्य ने कहा कि चिकित्सा विभाग में आशा कार्यकर्ता महिला सशक्तीकरण की जीती-जागती मिसाल हैं।
वे ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं के प्रसव और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 24 घंटे उपलब्ध रहती हैं। उन्होंने आशाओं से कहा कि वे अपने आचरण और व्यवहार से लोगों में अच्छी पहचान बनाए रखें तथा निडर होकर पूरे समर्पण से काम करें ताकि कोई आलोचना न कर सके।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर भावनाथ पाण्डे ने बताया कि आगामी एक अप्रैल 2026 से संचारी रोग और दस्तक अभियान शुरू होगा। इस अभियान में आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर 1 से 5 वर्ष के बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों में बुखार वाले लोगों की पहचान करेंगे, उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच करवाएंगे और उचित दवाएं उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने कहा कि महिलाओं में कैंसर की रोकथाम के लिए 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं को गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से बचाव का निःशुल्क टीका लगाया जाएगा। सीएमओ ने आगे कहा कि मानसिक रोगी तेजी से बढ़ रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे मरीजों के बारे में आशाएं तुरंत टोल फ्री नंबर 14416 पर संपर्क करें ताकि उन्हें सलाह और उपचार मिल सके।
उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर पंकज मिश्रा ने आशाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्त्री समाज की सृजनकर्ता होती है। ग्रामीण क्षेत्रों में आशाएं टीबी, टीकाकरण, कुपोषण, अंधता निवारण और महिलाओं के प्रसव जैसे स्वास्थ्य कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि अति कुपोषित बच्चों को तुरंत एनआरसी में भर्ती करवाकर उनका समय पर इलाज करवाएं तथा स्वास्थ्य विभाग की सुविधाओं के बारे में ग्रामीणों को जागरूक करें। कार्यक्रम का संचालन विवेक मिश्रा ने किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक और आशा कार्यकर्ताएं मौजूद रहीं।
Also Click : जेवर एयरपोर्ट ने पार की नियमों की बाधा: 150 किमी के नियम को दरकिनार कर उड़ान को तैयार
What's Your Reaction?









