Hardoi News: हरपालपुर को मिली बड़ी सौगात: बस स्टेशन के लिए ₹2.50 करोड़ मंजूर, दशकों पुरानी मांग पूरी
सवायजपुर विधानसभा क्षेत्र के कस्बा हरपालपुर में बहुप्रतीक्षित बस स्टेशन निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। उत्तर प्रदेश शासन
हरपालपुर। सवायजपुर विधानसभा क्षेत्र के कस्बा हरपालपुर में बहुप्रतीक्षित बस स्टेशन निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। उत्तर प्रदेश शासन ने बस स्टेशन निर्माण के लिए ₹250 लाख (2.50 करोड़ रुपये) की वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। इसके साथ ही निर्माण कार्य के लिए उ.प्र. राज्य निर्माण सहकारी संघ लि. को कार्यदायी संस्था के रूप में नामित किया गया है।
इस संबंध में उत्तर प्रदेश शासन के विशेष सचिव के. पी. सिंह ने प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम को पत्र प्रेषित कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। हरपालपुर में बस स्टेशन निर्माण की मांग क्षेत्रवासियों द्वारा लंबे समय से की जा रही थी। वर्तमान में कस्बे और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों को आवागमन के लिए विभिन्न स्थानों से बसों का इंतजार करना पड़ता है। व्यवस्थित बस स्टेशन न होने के कारण यात्रियों को विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों, विद्यार्थियों, मरीजों तथा दूरदराज के ग्रामीण यात्रियों को असुविधाओं का सामना करना पड़ता है। बस स्टेशन निर्माण से क्षेत्र में आवागमन सुगम होने से स्थानीय व्यापार एवं आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। विधायक माधवेन्द्र प्रताप सिंह रानू द्वारा क्षेत्र की परिवहन संबंधी आवश्यकता को शासन के समक्ष प्रमुखता से उठाते हुए हरपालपुर में बस स्टेशन निर्माण की मांग रखी गई थी। जिस पर वित्तीय स्वीकृति और कार्यदायी संस्था के निर्धारण के बाद अब बस स्टेशन निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
What's Your Reaction?