हाथरस में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, कई संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी
हाथरस में आबकारी विभाग ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। आगरा रोड और गिजरोली में दुकानों का निरीक्षण और छापेमारी की गई।
हाथरस: राज्य आबकारी आयुक्त के निर्देशों के अनुपालन में जनपद हाथरस में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और सेवन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत आबकारी टीम ने कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आगरा रोड स्थित शराब की दुकानों और अनुज्ञापनों का गहन निरीक्षण किया।
इसके पश्चात सूचना के आधार पर आबकारी विभाग की टीम ने गिजरोली क्षेत्र में बने एक संदिग्ध अस्थायी ठिकाने पर अचानक छापेमारी की, जहां गैर-कानूनी तरीके से शराब पिलाए जाने की शिकायत मिली थी। हालांकि मौके पर की गई विस्तृत जांच में किसी भी तरह की वैध अथवा अवैध शराब बरामद नहीं हुई।
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों से संवाद करते हुए केवल पंजीकृत व लाइसेंसी दुकानों से ही मदिरा खरीदने का आह्वान किया। साथ ही यह भी अपील की गई कि यदि कहीं भी अवैध शराब का कारोबार या कोई अन्य अनियमितता पाई जाती है, तो इसकी सूचना तुरंत आबकारी या पुलिस विभाग को दें। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट कहा है कि जिले में अवैध शराब के विरूद्ध यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Also Click : यूपी में छात्रवृत्ति योजना का समयबद्ध और पारदर्शी संचालन सुनिश्चित, नोडल अधिकारी किए जाएंगे तैनात
What's Your Reaction?




