Hathras News: हाथरस के सासनी में ई-रिक्शा में मिला दिव्यांग का संदिग्ध शव, क्षेत्र में फैली सनसनी
हाथरस के सासनी में मंडी के पास खड़े ई-रिक्शा में 38 वर्षीय दिव्यांग लाखन सिंह का शव मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की।
हाथरस जिले के सासनी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मंडी के पास खड़े एक ई-रिक्शा में संदिग्ध परिस्थितियों में एक दिव्यांग युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह स्थानीय लोगों की नजर जब रिक्शे में अचेत पड़े युवक पर पड़ी, तो वहां देखते ही देखते भीड़ एकत्रित हो गई। घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही सासनी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। काफी प्रयासों के बाद मृतक की शिनाख्त स्थानीय गांव निवासी 38 वर्षीय लाखन सिंह के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार, लाखन सिंह अविवाहित था और अक्सर घर से बाहर ही रहता था। वह पिछले कुछ दिनों से घर भी नहीं पहुंचा था।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृत्यु की सही वजह का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले की हर पहलू से पड़ताल जारी है।
What's Your Reaction?



