देवबंद में लापता बुजुर्ग का तालाब में मिला था शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत की पुष्टि
देवबंद के शशिनगर निवासी लापता बुजुर्ग हंसराज की मौत पानी में डूबने से हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने स्थिति स्पष्ट की। परिजनों ने जताई थी आशंका।
सहारनपुर जनपद के देवबंद क्षेत्र अंतर्गत कई दिनों से लापता चल रहे बुजुर्ग का शव तालाब में मिलने के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है। चिकित्सीय रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बुजुर्ग की मृत्यु पानी में डूबने के कारण हुई है। इससे पहले पीड़ित परिवार ने हत्या कर शव फेंके जाने का गंभीर आरोप लगाया था। पुलिस परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी गहनता से जांच कर रही है।
शशिनगर के रहने वाले साठ वर्षीय हंसराज घर से मछली पकड़ने के लिए निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बाद जब उनका कोई सुराग नहीं लगा तो परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर गुमशुदगी दर्ज कराई थी। परिजन और स्थानीय लोग लगातार उनकी तलाश में जुटे थे। इसी बीच लालवाला मार्ग पर स्थित एक तालाब में बुजुर्ग का शव उतराता हुआ देखा गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा।
मृतक के बेटे सुधीर ने आशंका जताते हुए आरोप लगाया था कि किसी ने उनके पिता की हत्या कर शव को छिपाने के इरादे से तालाब में फेंक दिया। परिजनों का कहना था कि बुजुर्ग का शव निर्वस्त्र हालत में मिला और उनके कपड़े पास की झाड़ियों में पड़े थे, जिससे मामला संदिग्ध लग रहा था।
क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु की असली वजह डूबना सामने आई है। चिकित्सीय रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कानूनी प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है। इसके साथ ही पीड़ित परिजनों ने जो आरोप लगाए हैं, उनकी भी बारीकी से पड़ताल की जा रही है ताकि पूरी स्थिति पूरी तरह साफ हो सके।
What's Your Reaction?