देवबंद में रंजिश के चलते घर में घुसकर युवक पर हमला, चार लोगों पर प्राथमिकी दर्ज

देवबंद के मोहल्ला फौलादपुरा में रंजिश के चलते घर में घुसकर युवक के साथ मारपीट और जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। पुलिस ने चार लोगों पर केस दर्ज किया।

By INA News Desk
Oct 11, 2026 - 21:42
4 Views
देवबंद में रंजिश के चलते घर में घुसकर युवक पर हमला, चार लोगों पर प्राथमिकी दर्ज

सहारनपुर जनपद के देवबंद अंतर्गत मोहल्ला फौलादपुरा में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला करने और जान से मारने की धमकी देने की घटना सामने आई है। मामले में पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर चार नामजद आरोपियों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मोहल्ला फौलादपुरा के सांपला मार्ग निवासी रिजवान ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उनका बेटा हाईवे स्थित एक होटल पर खाना खाने गया था। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद कुटी रोड निवासी मुनव्वर, सराय पीरजादगान निवासी मुशीर तथा लहसवाड़ा निवासी वक्कास और ओसामा ने उसे आवाज देकर अपने पास बुलाने का प्रयास किया। जब बेटा उनके बुलावे पर नहीं गया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए अचानक उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। होटल परिसर में मौजूद स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह युवक को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इस विवाद के कुछ ही देर बाद चारों आरोपी लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से लैस होकर उनके घर में जबरन घुस आए। आरोपियों ने घर के भीतर मौजूद युवक पर जानलेवा हमला बोल दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। परिजनों ने घायल अवस्था में युवक को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

मामले की जांच कर रहे उपनिरीक्षक धनवीर सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष से मिली तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घटना के बाद से सभी नामजद आरोपी अपने ठिकानों से फरार हैं। पुलिस की टीमें आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और जल्द ही सभी को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई पूरी की जाएगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow