कुंदरकी से चुनाव लड़ेंगे अकीलुर्रहमान खां? पत्नी तरन्नुम अकील का दावा- राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिला टिकट का भरोसा
कुंदरकी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी में अकीलुर्रहमान खां। पूर्व पालिका अध्यक्ष तरन्नुम अकील ने कहा- राष्ट्रीय अध्यक्ष से टिकट का आश्वासन मिला है।
Report : उवैस दानिश, सम्भल
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच सम्भल नगर पालिका परिषद की पूर्व चेयरमैन तरन्नुम अकील ने कुंदरकी विधानसभा सीट से पति अकीलुर्रहमान खां के चुनाव लड़ने की तैयारी को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा कि फिलहाल उनका पूरा ध्यान कुंदरकी सीट पर है और वह अपने पति अकीलुर्रहमान के साथ क्षेत्र में लगातार जनसंपर्क कर रही हैं।
तरन्नुम अकील ने बातचीत के दौरान बताया कि कुंदरकी में लोगों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। क्षेत्र के लोग उन्हें लगातार बुला रहे हैं और वह भी जनता के बीच पहुंचकर संपर्क बढ़ा रही हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव की तैयारियों के लिए समय कम है, इसलिए वह और उनके पति पूरी तरह से सक्रिय हैं। टिकट के सवाल पर तरन्नुम अकील ने दावा किया कि उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष की ओर से टिकट को लेकर पूरा आश्वासन मिला है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि कुंदरकी विधानसभा से उन्हें पार्टी का टिकट मिलेगा। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि टिकट को लेकर अंतिम निर्णय अभी सामने नहीं आया है। वहीं, सम्भल विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की चर्चाओं पर उन्होंने कहा कि फिलहाल इस संबंध में कोई फैसला नहीं लिया गया है। उनका पूरा फोकस कुंदरकी पर ही है। अगर किसी कारण से कुंदरकी से टिकट नहीं मिलता, तो उसके बाद ही आगे की रणनीति तय की जाएगी। अब सियासी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि अकीलुर्रहमान खां को कुंदरकी से टिकट मिलता है या नहीं। फिलहाल उनकी पत्नी ने अपने बयान से साफ कर दिया है कि उनकी पहली प्राथमिकता कुंदरकी विधानसभा सीट ही है।
What's Your Reaction?