Hathras News: वजीरपुर में खाद्य प्रसंस्करण प्रशिक्षण शुरू, ग्रामीणों को उद्योग लगाने पर मिलेगा बंपर अनुदान
हाथरस के वजीरपुर में मुख्यमंत्री खाद्य प्रसंस्करण योजना का प्रशिक्षण शुरू हुआ। ग्रामीणों को 50 प्रतिशत तक अनुदान और स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी दी गई।
हाथरस के वजीरपुर में खाद्य प्रसंस्करण प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ, ग्रामीणों को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल
हाथरस जिले के न्याय पंचायत खुशकरी अंतर्गत ग्राम वजीरपुर में मुख्यमंत्री खाद्य प्रसंस्करण ग्राम स्वरोजगार योजना के तहत दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। इस शिविर में भाग ले रहे 30 ग्रामीण युवक-युवतियों और महिलाओं को प्रशिक्षण किट वितरित कर स्वरोजगार स्थापित करने के तौर-तरीके सिखाए जा रहे हैं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य लोकेश सेंगर ने ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां स्थापित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि गांव के युवा और महिलाएं खुद का व्यवसाय शुरू कर स्वावलंबी बन सकते हैं। शिविर में विशेषज्ञों द्वारा अचार, मुरब्बा, शरबत, फलों के रस को सुरक्षित रखने की आधुनिक तकनीकों के साथ-साथ मोटे अनाज यानी मिलेट्स के विभिन्न उत्पादों और उनके व्यापारिक लाभ की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में बताया गया कि योजना के तहत ग्रामीण स्तर पर प्रसंस्करण इकाई लगाने पर 50 प्रतिशत तक का अनुदान मिलता है, जबकि संयंत्र एवं आवश्यक मशीनरी की खरीद पर अधिकतम 10 लाख रुपये तक 35 प्रतिशत अनुदान की सुविधा उपलब्ध है। इस योजना का उद्देश्य गांवों में ही रोजगार के नए अवसर तैयार कर पलायन रोकना है। प्रशिक्षण शिविर की व्यवस्थाओं का संचालन केंद्र प्रभारी योगेश्वरी ने किया।
What's Your Reaction?







