Hathras News: चिंतापुर में बनेगा आधुनिक वृद्धाश्रम और अनाथालय, बुजुर्गों और बच्चों को मिलेगा पारिवारिक माहौल
हाथरस के चिंतापुर में आधुनिक वृद्धाश्रम और अनाथालय का निर्माण हो रहा है। मानव कल्याण संस्था बुजुर्गों और अनाथ बच्चों को एक ही छत के नीचे परिवार जैसा माहौल देगी।
हाथरस जिले के ग्राम चिंतापुर में मानव कल्याण सामाजिक संस्था की ओर से सर्वसुविधायुक्त आधुनिक वृद्धाश्रम और अनाथालय की स्थापना की जा रही है। इस अभिनव पहल का मुख्य उद्देश्य बेसहारा बुजुर्गों और अनाथ बच्चों को एक साथ एक ही परिसर में परिवार जैसा आत्मीय वातावरण उपलब्ध कराना है। इससे बुजुर्गों को जीवन के इस पड़ाव में बच्चों का स्नेह मिलेगा और बच्चों को बड़ों का मार्गदर्शन व वात्सल्य प्राप्त हो सकेगा।
संस्था के संस्थापक राजीव वार्ष्णेय और मुख्य संरक्षक राकेश बल्लभ ने बताया कि इस आश्रम का निर्माण आधुनिक तकनीक और सभी आवश्यक जनसुविधाओं को ध्यान में रखकर कराया जा रहा है। दोनों पीढ़ियों के बीच भावनात्मक जुड़ाव को मजबूत करना इस परियोजना की प्राथमिकता है। आश्रम परिसर में मंदिर और सत्संग भवन के साथ हरियाली विकसित की जाएगी। इसके अलावा रहने वालों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए योग केंद्र, फिटनेस सुविधाएं और आयुर्वेदिक चिकित्सा की व्यवस्था भी प्रस्तावित की गई है।
परिसर में रहने वाले बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का समुचित प्रबंध किया जाएगा। आश्रम को आत्मनिर्भर बनाने और वहां रहने वाले लोगों को स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से छोटे कुटीर उद्योग भी स्थापित किए जाएंगे, जिससे उन्हें सम्मानजनक और सुरक्षित जीवन मिल सके। संस्था के जिला अध्यक्ष नारायण लाल, जिला महामंत्री कन्हैया वार्ष्णेय, जिला कोषाध्यक्ष लोकेश अग्रवाल, महिला जिला अध्यक्ष प्रगति वार्ष्णेय, महिला जिला कोषाध्यक्ष वर्षा वार्ष्णेय, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेंद्र वार्ष्णेय, नगर अध्यक्ष नरेश अग्रवाल, नगर महामंत्री कृष्णगोपाल, नगर कोषाध्यक्ष पुनीत पोद्दार और युवा नगर अध्यक्ष कृष्णा शर्मा ने इस सेवा कार्य में आमजन से सहयोग की अपील की है।
What's Your Reaction?







