आईजीआरएस रैंकिंग में कासगंज पुलिस प्रदेश में अव्वल, 125 में से 125 अंक पाकर हासिल किया पहला स्थान
अक्टूबर 2026 की आईजीआरएस रैंकिंग में कासगंज पुलिस ने पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। 125 में से 125 अंक पाकर शिकायतों के निस्तारण में शत-प्रतिशत सफलता पाई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सुशासन और जवाबदेह पुलिसिंग के संकल्प के तहत जनसुनवाई एवं शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण में कासगंज पुलिस ने पूरे प्रदेश में शीर्ष स्थान हासिल किया है। शासन द्वारा जारी एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) की अक्टूबर-2026 माह की मासिक मूल्यांकन रैंकिंग में कासगंज पुलिस को राज्य भर में पहला स्थान मिला है। जनपद पुलिस ने निर्धारित 125 पूर्णांकों में से 125 अंक (शत-प्रतिशत) प्राप्त कर यह ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है।
यह सफलता पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह के कुशल नेतृत्व तथा अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह के निरंतर पर्यवेक्षण का परिणाम है। जनपद के सभी थाना प्रभारियों, क्षेत्राधिकारियों, आईजीआरएस सेल और नोडल अधिकारियों ने बेहतर समन्वय और टीम वर्क के साथ शिकायतों के मौके पर जाकर निष्पक्ष व गुणवत्तापूर्ण सत्यापन पर बल दिया, जिससे एक भी संदर्भ डिफाल्टर या असंतोषजनक श्रेणी में दर्ज नहीं हुआ।
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह ने इस उपलब्धि पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पीड़ित व शिकायतकर्ता की पीड़ा को संवेदनशीलता से सुनना और उसका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि जनपद में थाना स्तर से लेकर उच्चाधिकारी स्तर तक लगातार फीडबैक लेने की प्रक्रिया लागू की गई है, जिससे फरियादियों को वास्तविक न्याय मिल सके।
एसपी ने उत्कृष्ट कार्यशैली के लिए जिले के समस्त पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों और आईजीआरएस शाखा के कर्मियों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने निर्देशित किया कि भविष्य में भी इस उच्च स्तर के मानक, पारदर्शिता और संवेदनशीलता को बनाए रखा जाए, ताकि आम जनता का पुलिस प्रशासन पर विश्वास निरंतर प्रगाढ़ होता रहे।
What's Your Reaction?

