चंद्रशेखर आजाद की जयंती पर केशव प्रसाद मौर्य ने अर्पित की श्रद्धांजलि: कहा- अमर क्रांतिकारी का त्याग युवाओं को हमेशा देगा प्रेरणा
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया और उनके बलिदान को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा बताया।
अदम्य साहस और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक महान क्रांतिकारी अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जयंती के अवसर पर उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। राजधानी लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास कालिदास मार्ग पर उन्होंने अमर शहीद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में चंद्रशेखर आजाद का त्याग, समर्पण और राष्ट्रप्रेम देश के इतिहास की अनमोल धरोहर है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद ने अपने जीवन का पल-पल देश की आजादी के लिए समर्पित कर दिया। उनका जीवन हर भारतीय के लिए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने और देश की अखंडता व स्वाभिमान की रक्षा करने की सीख देता है। भारत की भावी पीढ़ी के लिए उनका अदम्य संघर्ष और अमर बलिदान ऊर्जा, साहस और देशसेवा का अटूट माध्यम बना रहेगा।
उन्होंने आगे कहा कि भारत माता को गुलामी की जंजीरों से आजाद कराने वाले ऐसे महान नायकों का देश सदैव ऋणी रहेगा। उनके दिखाए मार्ग पर चलकर ही एक सशक्त, समृद्ध और समर्थ भारत का निर्माण संभव है। उप मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता से अपील की कि वे अमर क्रांतिकारी के उच्च विचारों को अपने जीवन में अपनाएं और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
What's Your Reaction?




