यूपी छात्रवृत्ति योजना 2026-27: कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए समय-सारिणी जारी, आवेदन प्रक्रिया जल्द होगी शुरू
उत्तर प्रदेश में कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों के लिए छात्रवृत्ति योजना की समय-सारिणी जारी। अगस्त से शुरू होगी प्रक्रिया, जानिए पूरी समय-सीमा और विवरण।
उत्तर प्रदेश सरकार ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पूर्वदशम यानी कक्षा 9-10 और दशमोत्तर यानी कक्षा 11-12 के विद्यार्थियों हेतु छात्रवृत्ति योजना की विस्तृत समय-सारिणी घोषित कर दी है। यह योजना अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामान्य वर्ग, अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए लागू की गई है। प्रमुख सचिव समाज कल्याण विभाग द्वारा इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं, जिससे पूरी प्रक्रिया समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरी की जा सके।
प्रशासन द्वारा तय कार्यक्रम के अनुसार प्रदेश के सभी मान्यता प्राप्त शैक्षणिक संस्थानों को 22 जुलाई से 5 अगस्त तक पोर्टल पर मास्टर डाटा तैयार कर अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके पश्चात जिला विद्यालय निरीक्षक और संबंधित अधिकारी संस्थानों की मान्यता, सीट संख्या और अन्य आवश्यक विवरणों की जांच कर उन्हें प्रमाणित करेंगे। अल्पसंख्यक वर्ग के निजी विद्यालयों की पोर्टल पर मार्किंग की व्यवस्था भी तय समय में पूरी की जाएगी।
पुराने यानी नवीनीकरण श्रेणी के विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन और आवश्यक कागजात जमा करने की प्रक्रिया 11 अगस्त से 25 अगस्त तक चलेगी। इसके बाद विद्यालयों द्वारा बायोमेट्रिक सत्यापन और आवेदनों को आगे भेजने की कार्रवाई 30 अगस्त तक पूरी की जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा छात्र संख्या का भौतिक सत्यापन 31 अगस्त से 10 सितंबर के बीच और एनआईसी द्वारा तकनीकी जांच 11 से 17 सितंबर तक होगी। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद पीएफएमएस प्रणाली के माध्यम से अक्टूबर के अंत तक छात्रों के बैंक खातों में धनराशि भेज दी जाएगी। यदि किसी आवेदन में त्रुटि पाई जाती है तो उसके सुधार के लिए अलग से अवसर दिया जाएगा।
वहीं नए आवेदकों यानी नवीन श्रेणी के छात्र-छात्राओं के लिए ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन की तिथि 11 अगस्त से 21 सितंबर तय की गई है। विद्यार्थियों द्वारा संस्थान में दस्तावेज जमा करने, विद्यालय स्तर पर सत्यापन, प्रशासनिक मंजूरी और तकनीकी जांच का काम चरणबद्ध रूप से पूरा किया जाएगा। सभी प्रक्रियाओं के पारदर्शी निस्तारण के बाद जनवरी में पात्र छात्र-छात्राओं के खातों में छात्रवृत्ति की राशि हस्तांतरित कर दी जाएगी। सरकार ने सभी अधिकारियों और शिक्षण संस्थानों को समय-सीमा का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं ताकि किसी भी पात्र विद्यार्थी को सहायता प्राप्त करने में अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।
What's Your Reaction?




