Lucknow : मुख्य सचिव की अध्यक्षता में पंचायत विकास सूचकांक की राज्य स्तर निगरानी समिति की बैठक हुई

उन्होंने कहा कि प्राप्त स्कोर और आंकड़ों के आधार पर पंचायतों में विकास संबंधी कमियों की पहचान कर लक्षित योजनाएं बनाई जाएं तथा पंचायतों के बीच बेहतर प्रदर्शन के

By INA News Desk
Dec 11, 2025 - 07:28
37 Views
Lucknow : मुख्य सचिव की अध्यक्षता में पंचायत विकास सूचकांक की राज्य स्तर निगरानी समिति की बैठक हुई
Lucknow : मुख्य सचिव की अध्यक्षता में पंचायत विकास सूचकांक की राज्य स्तर निगरानी समिति की बैठक हुई

लखनऊ: मुख्य सचिव एसपी गोयल की अध्यक्षता में राष्ट्रीय पंचायत विकास सूचकांक की राज्य स्तर निगरानी समिति की बैठक हुई। बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि पंचायत विकास सूचकांक पंचायतों के राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर विकास प्रदर्शन तथा प्रगति का सटीक आकलन करने का प्रभावी तरीका है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को पोर्टल पर पूरी तरह सटीक, त्रुटि रहित और समय पर डेटा दर्ज करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि प्राप्त स्कोर और आंकड़ों के आधार पर पंचायतों में विकास संबंधी कमियों की पहचान कर लक्षित योजनाएं बनाई जाएं तथा पंचायतों के बीच बेहतर प्रदर्शन के लिए स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा दिया जाए। पंचायतों को इस विषय में जागरूक बनाने पर भी जोर दिया।

विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभिन्न डेटा स्रोतों से एपीआई इंटीग्रेशन जल्द पूरा करें ताकि पोर्टल पर सूचनाएं अपने आप दर्ज हो जाएं और बार-बार मैन्युअल डेटा एंट्री की जरूरत न पड़े।

बैठक में बताया गया कि राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान योजना के तहत पंचायत विकास सूचकांक का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में असमानताओं की पहचान करना, सतत विकास लक्ष्यों की प्रगति का मूल्यांकन करना तथा ग्रामीण जीवन स्तर में गुणात्मक सुधार के लिए नीतियां बनाने में मदद करना है। इसका लक्ष्य गरीबी मुक्त और आजीविका संपन्न गांव, स्वस्थ गांव, बाल हितैषी पंचायतें, जल संपन्न पंचायतें, स्वच्छ और हरित पंचायतें, आत्मनिर्भर बुनियादी ढांचे वाली पंचायतें, सामाजिक न्याय और सुरक्षित पंचायतें तथा सुशासन और महिला हितैषी पंचायतों के माध्यम से समग्र विकास करना है। बेहतर प्रदर्शन वाली ग्राम पंचायतों को भारत सरकार राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करेगी।

बैठक में यह भी बताया गया कि इस वर्ष राज्य की 57,691 ग्राम पंचायतों ने 11 प्रारूपों में डेटा पोर्टल पर सफलतापूर्वक अपलोड किया। सभी 11 सहयोगी विभागों के नोडल अधिकारियों ने सत्यापन के बाद ब्लॉक स्तर से डेटा जिला को भेजा तथा जिला स्तर पर सत्यापन के बाद 57,689 ग्राम पंचायतों का अंतिम डेटा राज्य स्तर पर प्राप्त हुआ। इसे राज्य सरकार ने पंचायती राज मंत्रालय, भारत सरकार को पोर्टल के माध्यम से पूरी तरह साझा कर दिया है।

बैठक में अपर मुख्य सचिव महिला कल्याण लीना जौहरी, अपर मुख्य सचिव बेसिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा, अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित कुमार घोष, प्रमुख सचिव पशुधन मुकेश कुमार मेश्राम, प्रमुख सचिव पंचायती राज अनिल कुमार, प्रमुख सचिव आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स अनुराग यादव, निदेशक पंचायती राज अमित कुमार सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Also Click : Hathras : विशेष गहन पुनरीक्षण में मतदाता सूची की मैपिंग पूरी तरह त्रुटिरहित हो, बीएलओ-सुपरवाइजरों को निर्देश

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow