गोमती रिवरफ्रंट पर शुरू होगा लेजर लाइट एंड साउंड शो, लोहिया पार्क में बनेगा म्यूजिकल प्ले फाउंटेन

लखनऊ के गोमती रिवरफ्रंट पर लेजर लाइट एंड साउंड शो और लोहिया पार्क में म्यूजिकल प्ले फाउंटेन बनेगा। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने ग्रीन कॉरिडोर का निरीक्षण किया।

By INA News Desk
Oct 25, 2026 - 22:07
4 Views
गोमती रिवरफ्रंट पर शुरू होगा लेजर लाइट एंड साउंड शो, लोहिया पार्क में बनेगा म्यूजिकल प्ले फाउंटेन
Advertisement
Advertisement

लखनऊ। राजधानी के पर्यटन और सार्वजनिक स्थलों को आकर्षक बनाने के साथ-साथ सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम तेज कर दिया है। इसी कड़ी में प्रसिद्ध लोहिया पार्क और गोमती रिवरफ्रंट पर नई सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। रिवरफ्रंट पर पानी की सतह पर आधारित लेजर लाइट एंड साउंड शो तथा लोहिया पार्क में आधुनिक प्ले फाउंटेन स्थापित करने की रूपरेखा तैयार की गई है। इसके अलावा ग्रीन कॉरिडोर परियोजना के अंतर्गत बैकुंठ धाम से ला मार्टिनियर तक पुल का निर्माण पूरा कर वाहनों की आवाजाही शुरू कराने की तैयारी की जा रही है।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने विभिन्न स्थलों का भौतिक निरीक्षण कर जारी निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने मौके पर मौजूद अभियंताओं और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों और समयसीमा के भीतर पूरे होने चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने कार्यों की गति बढ़ाने और दैनिक निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।

लोहिया पार्क में बच्चों के मनोरंजन के लिए विकसित किए जा रहे प्ले फाउंटेन और चिल्ड्रेन प्ले एरिया की जानकारी देते हुए उपाध्यक्ष ने बताया कि इस फाउंटेन में आकर्षक संगीत और रंगीन रोशनी की सुविधा रहेगी। बच्चों के खेलने के लिए बहुउपयोगी झूले भी लगाए जा रहे हैं। निर्माण कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है और आगामी दिसंबर महीने तक इसे आम जनता के लिए शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे यह स्थल शहरवासियों के लिए आकर्षण का नया केंद्र बनेगा।

वहीं गोमती रिवरफ्रंट पर जलस्तर में आई कमी को देखते हुए जल-आधारित लेजर, लाइट और साउंड शो विकसित करने का निर्णय लिया गया है। इस शो में वाटर स्क्रीन, अत्याधुनिक लेजर तकनीक, साउंड सिस्टम और हाई-डेफिनिशन प्रोजेक्टर्स का समन्वय होगा। इसके जरिए दर्शकों को उत्तर प्रदेश के ऐतिहासिक सफर के साथ-साथ लखनऊ की समृद्ध नवाबी तहजीब, स्थापत्य कला और सांस्कृतिक धरोहर की जीवंत झलक दिखाई जाएगी।

ग्रीन कॉरिडोर परियोजना के तीसरे चरण की समीक्षा के दौरान उपाध्यक्ष ने बैकुंठ धाम से ला मार्टिनियर मार्ग पर बन रहे पुल के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने शहीद पथ को जोड़ने वाले क्लोवर लीफ के निर्माण, जलस्तर घटने के बाद मिट्टी के भराव कार्य, मरी माता मंदिर के निकट आवश्यक निकासी और क्षेत्र की सड़कों व नालों के सुदृढ़ीकरण से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा। इस निरीक्षण के दौरान एलडीए के मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह, अधिशासी अभियंता मनोज सागर सहित तकनीकी टीम के कई सदस्य उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement