Lucknow : यूपी में ओबीसी छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी सौगात, छह नए छात्रावासों का निर्माण कार्य पूरा

उत्तर प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष के लिए इस योजना के तहत 20 करोड़ रुपये के बजट की व्यवस्था की है। योजना के नियमों के अनुसार सरकारी शिक्षण संस्थाओं में छात्राओं के हॉस्टल के लिए केंद्र और राज्य सरकार का बजट अनुपात 90:10 और छात्रों के हॉस्टल के लिए 60:40 तय किया गया है।

By INA News Desk
Jun 25, 2026 - 23:55
47 Views
Lucknow : यूपी में ओबीसी छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी सौगात, छह नए छात्रावासों का निर्माण कार्य पूरा
Lucknow : यूपी में ओबीसी छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी सौगात, छह नए छात्रावासों का निर्माण कार्य पूरा

उत्तर प्रदेश सरकार के पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की ओर से अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के गरीब छात्र-छात्राओं को बेहतर और सुरक्षित आवासीय सुविधा देने के लिए चलाई जा रही छात्रावास निर्माण योजना के तहत एक बड़ी कामयाबी मिली है। राज्य के अलग-अलग जिलों में छह नए छात्रावासों का निर्माण कार्य शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है, जिससे छात्र-छात्राओं को जल्द ही रहने और पढ़ाई करने के लिए बेहतर माहौल मिल सकेगा। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के जरूरतमंद विद्यार्थियों को ध्यान में रखकर इस योजना को आगे बढ़ाया जा रहा है।

उत्तर प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष के लिए इस योजना के तहत 20 करोड़ रुपये के बजट की व्यवस्था की है। योजना के नियमों के अनुसार सरकारी शिक्षण संस्थाओं में छात्राओं के हॉस्टल के लिए केंद्र और राज्य सरकार का बजट अनुपात 90:10 और छात्रों के हॉस्टल के लिए 60:40 तय किया गया है। इसमें कुल स्वीकृत हॉस्टलों में से 33 प्रतिशत केवल छात्राओं के लिए आरक्षित रखे गए हैं। पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री नरेंद्र कश्यप ने बताया कि विभाग की ओर से अब तक कुल 102 हॉस्टलों का निर्माण पूरा कराया जा चुका है, जिनमें 59 छात्रों के लिए और 43 छात्राओं के लिए हैं। इनकी कुल क्षमता 5400 छात्र-छात्राओं की है, जिसका लाभ बड़ी संख्या में विद्यार्थी उठा रहे हैं।

विभाग की समीक्षा बैठक में सामने आया कि प्रयागराज के राजकीय पॉलिटेक्निक हंडिया, मुरादाबाद के राजकीय के.जी.के. होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज, संत रविदास नगर के काशी नरेश राजकीय महाविद्यालय ज्ञानपुर, बहराइच के सर्वोदय इंटर कॉलेज मिहीपुरवा, गोंडा के लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय और महोबा के वीरभूमि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में हॉस्टलों का निर्माण पूरी तरह खत्म हो चुका है। इसके अलावा हमीरपुर के राजकीय इंटर कॉलेज में 90 फीसदी, लखनऊ के राजकीय महिला पॉलिटेक्निक में 85 फीसदी और मेरठ के फैज-ए-आम इंटर कॉलेज में 70 फीसदी काम हो चुका है, जिसे जुलाई तक हर हाल में पूरा करने का लक्ष्य है। मंत्री कश्यप ने बताया कि पुराने हॉस्टलों की मरम्मत के लिए 'छात्रावास अनुरक्षण योजना' के तहत 5 करोड़ रुपये का अलग से इंतजाम किया गया है। उन्होंने अफसरों को कड़ी चेतावनी दी है कि हॉस्टलों के निर्माण और रख-रखाव की क्वालिटी में कोई कमी नहीं आनी चाहिए और सभी काम तय समय के अंदर ही पूरे किए जाएं।

Also Read : Sambhal : कसेरुआ मस्जिद ध्वस्तीकरण पर गरजे दानिश अली- ‘कानून को बुलडोजर से कुचल रही बीजेपी सरकार’

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement