Lucknow : मिशन शक्ति 5.0- आंगनवाड़ी केंद्रों पर महिला चौपाल से सशक्तिकरण का संदेश
अयोध्या के जिला कार्यक्रम अधिकारी ने कहा कि मिशन शक्ति सरकार की महत्वाकांक्षी पहल है, जिसका लक्ष्य महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक और मानसिक रूप से म
महिला एवं बाल विकास विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार के अंतर्गत एकीकृत बाल विकास सेवा (आईसीडीएस) ने मिशन शक्ति अभियान के तहत मुरादाबाद, बिजनौर, संभल, अयोध्या सहित प्रदेश के कई जिलों के आंगनवाड़ी केंद्रों पर महिला चौपाल का आयोजन किया। इसका उद्देश्य महिलाओं को सरकारी योजनाओं, उनके अधिकारों, सुरक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और आत्मनिर्भरता की जानकारी देना और उन्हें समाज में सशक्त भूमिका के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में महिलाएं, किशोरियां, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, स्वयं सहायता समूह की सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, ग्राम प्रधान, आशा कार्यकर्ता और समुदाय के अन्य लोग शामिल हुए। चौपाल की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद अधिकारियों ने मिशन शक्ति के उद्देश्यों और रूपरेखा की विस्तार से जानकारी दी।
अयोध्या के जिला कार्यक्रम अधिकारी ने कहा कि मिशन शक्ति सरकार की महत्वाकांक्षी पहल है, जिसका लक्ष्य महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक और मानसिक रूप से मजबूत करना है। महिला चौपाल के जरिए सरकार और समाज के बीच संवाद का मजबूत मंच बनाया जा रहा है, ताकि हर महिला तक योजनाओं की जानकारी पहुंचे और वे इसका लाभ ले सकें।
आईसीडीएस की मुख्य सेविकाओं, कार्यकर्ताओं और विशेषज्ञों ने महिलाओं को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, पोषण अभियान, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, एकीकृत बाल विकास सेवा, वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्पलाइन 181, महिला सुरक्षा ऐप, साइबर सुरक्षा जागरूकता, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ने के फायदों की जानकारी दी। यह बताया गया कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और सम्मान के लिए ठोस कदम उठा रही है। महिला हेल्पलाइन 181, 1090 और वन स्टॉप सेंटर जैसी पहलें त्वरित सहायता देती हैं।
एक सत्र में गर्भवती और धात्री माताओं को संतुलित आहार, एनीमिया रोकथाम, प्रसव पूर्व व प्रसवोत्तर देखभाल, टीकाकरण, शिशु पोषण और परिवार नियोजन की सलाह दी गई। किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता, आयरन सेवन, शारीरिक स्वास्थ्य और शिक्षा के महत्व की जानकारी दी गई। पोषण अभियान के तहत "सही आहार सशक्त परिवार" विषय पर संवाद हुआ, जिसमें आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने पोषक आहार की थाली का प्रदर्शन कर जागरूकता बढ़ाई।
पुलिस और महिला सुरक्षा संगठन के प्रतिनिधियों ने महिलाओं के कानूनी अधिकारों, साइबर अपराध से बचाव, घरेलू हिंसा निवारण अधिनियम और बाल विवाह रोकथाम अधिनियम की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को हिंसा या उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन या स्थानीय प्रशासन से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।
महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन उन्हें आत्मविश्वास देते हैं और समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका का एहसास कराते हैं। कई महिलाओं ने बताया कि आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से उन्हें सरकारी योजनाओं की समय पर जानकारी मिलने लगी है, जिससे उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया।
अयोध्या के जिला कार्यक्रम अधिकारी ने कहा कि महिला चौपाल केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि ग्रामीण स्तर पर महिलाओं में नेतृत्व, आत्मविश्वास और जागरूकता बढ़ाने का मजबूत जरिया है। विभाग मिशन शक्ति के तहत हर ब्लॉक और सेक्टर स्तर पर नियमित रूप से ऐसी चौपालों का आयोजन करेगा, ताकि कोई भी महिला योजनाओं से वंचित न रहे।
Also Click : Lucknow : भारत पशुधन ऐप पर मंत्री धर्मपाल सिंह की अध्यक्षता में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम
What's Your Reaction?











