Lucknow News: प्रोत्साहन हेतु पुरस्कृत होंगी उत्कृष्ट ग्रामोद्योग इकाइयाँ, विगत तीन वर्षों से अच्छा उत्पादन व बिक्री करने वाली इकाइयों से 30 अप्रैल तक मांगे गए आवेदन
बोर्ड द्वारा ऐसे लाभार्थियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया जाएगा। जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, 8 कैन्ट रोड, कैसरबाग, लखनऊ में 30 अप्रैल 2025 को सायं 5:0...
By INA News Lucknow.
लखनऊ: उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड, लखनऊ द्वारा संचालित पुरस्कार योजना के अन्तर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में CM ग्रामोद्योग रोजगार योजना एवं प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के अन्तर्गत वित्तपोषित, उत्कृष्ट कार्य करने वाली इकाइयों/लाभार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा। इस योजना के तहत उन इकाइयों का चयन किया जाएगा, जिन्होंने विगत तीन वर्षों में उत्पादन, बिक्री, ऋण भुगतान एवं रोजगार सृजन में निरंतर अच्छा प्रदर्शन किया है।
बोर्ड द्वारा ऐसे लाभार्थियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया जाएगा। जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, 8 कैन्ट रोड, कैसरबाग, लखनऊ में 30 अप्रैल 2025 को सायं 5:00 बजे तक समस्त आवश्यक प्रपत्रों के साथ आवेदन-पत्र जमा किया जा सकता है। आवेदन के साथ इकाई की प्रगति रिपोर्ट, उत्पादन, बिक्री, प्राप्त ऋण की जानकारी एवं रोजगार सृजन से जुड़े आंकड़े संलग्न करना अनिवार्य है।
आवेदनों की जांच जिला स्तर पर गठित चयन समिति द्वारा की जाएगी तथा चयनित इकाइयों की सूची मण्डल स्तर पर अग्रसारित कर परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग कार्यालय, लखनऊ मण्डल को प्रेषित की जाएगी, जिससे पुरस्कार चयन की अंतिम प्रक्रिया पूर्ण की जा सके।
What's Your Reaction?









