Lucknow : पर्यटन और संस्कृति के बजट में हुई भारी बढ़ोतरी, जनप्रतिनिधियों के सुझावों पर जल्द होगा अमल
बैठक में जानकारी दी गई कि साल 2025 में 156 करोड़ से ज्यादा पर्यटकों का आगमन हुआ, जो एक रिकॉर्ड है। झांसी के विधायक रवि शर्मा ने बुंदेलखंड में हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने और झांसी को पर्यटकों के ठहराव का केंद्र बनाने का सुझाव दिया
उत्तर प्रदेश के पर्यटन और संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह की अध्यक्षता में पर्यटन निदेशालय में एक अहम बैठक हुई। इसमें पर्यटन स्थायी समिति के सदस्यों ने अपने सुझाव रखे, जिन्हें मंत्री ने गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को तुरंत समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के सुझावों को प्राथमिकता दी जाएगी ताकि राज्य में पर्यटन को और बढ़ावा मिल सके। जयवीर सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश का पर्यटन नई ऊंचाइयों को छू रहा है। अब सरकार का ध्यान पर्यटकों को बेहतर अनुभव देने पर है ताकि वे यहां रुकें, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था और संस्कृति को मजबूती मिले।
बैठक में जानकारी दी गई कि साल 2025 में 156 करोड़ से ज्यादा पर्यटकों का आगमन हुआ, जो एक रिकॉर्ड है। झांसी के विधायक रवि शर्मा ने बुंदेलखंड में हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने और झांसी को पर्यटकों के ठहराव का केंद्र बनाने का सुझाव दिया। प्रयागराज के विधायक हर्षवर्धन वाजपेयी ने संगम क्षेत्र में वाटर स्पोर्ट्स और त्रिवेणी महोत्सव शुरू करने की बात कही। कानपुर की विधायक नीलिमा कटियार ने शहर की पुरानी छवि को पर्यटन और युवाओं से जोड़ने का प्रस्ताव रखा, जबकि सहारनपुर के विधायक उमर अली खान ने जंगल सफारी विकसित करने का सुझाव दिया। विधायक अंकित भारती और मनीष कुमार ने भी अपने विचार साझा किए।
अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात ने बताया कि पर्यटन का बजट लगभग 22 गुना और संस्कृति का बजट 20 गुना बढ़ गया है। प्रदेश की अर्थव्यवस्था को बेहतर बनाने में पर्यटन का बड़ा हाथ होगा। विभाग अब नौसेना शौर्य संग्रहालय, शिवाजी म्यूजियम और बैंगल म्यूजियम जैसे प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहा है। साथ ही हर मंडल में 'कल्चरल कैफे' भी बनाए जाएंगे। बैठक में पर्यटन महानिदेशक डॉ. वेदपति मिश्रा और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?









