Lucknow : इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता 2025 में सबसे ज्यादा पंजीकरण से उत्तर प्रदेश देश में पहले स्थान पर
उन्होंने जिला और मंडल स्तर पर स्किल ट्रायल्स की रूपरेखा, चयन प्रक्रिया, मूल्यांकन मानक, प्रतिभागियों को लगातार मार्गदर्शन और प्रेरणा देने के उपायों पर खास ध्या
व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल के मार्गदर्शन और कौशल विकास मिशन निदेशक पुलकित खरे के नेतृत्व में इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता 2025 के लिए सबसे ज्यादा पंजीकरण कराकर उत्तर प्रदेश ने देश में पहला स्थान हासिल किया है।
इस सफलता के बाद कौशल विकास मिशन मुख्यालय में मिशन निदेशक पुलकित खरे की अध्यक्षता में मिशन स्तरीय समिति की उच्च स्तरीय बैठक हुई। बैठक का लक्ष्य युवाओं के पंजीकरण के बाद उनके प्रशिक्षण, समीक्षा और मार्गदर्शन को सुनिश्चित करना तथा उन्हें प्रदेश, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भाग लेने के लिए रणनीति मजबूत करना था।
बैठक में पुलकित खरे ने प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए विस्तृत योजना और रणनीति पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न जिलों से चुने प्रतिभागियों के साथ मजबूत समन्वय बनाया जाए। युवाओं की क्षमता को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बढ़ाने के लिए अनुभवी प्रशिक्षकों, विषय विशेषज्ञों और औद्योगिक संस्थानों का पूरा सहयोग लिया जाए।
उन्होंने जिला और मंडल स्तर पर स्किल ट्रायल्स की रूपरेखा, चयन प्रक्रिया, मूल्यांकन मानक, प्रतिभागियों को लगातार मार्गदर्शन और प्रेरणा देने के उपायों पर खास ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि प्रतियोगिता के हर चरण में पारदर्शिता, निष्पक्षता, प्रतिस्पर्धा और गुणवत्ता को सबसे ऊपर रखा जाए, ताकि उत्तर प्रदेश के ज्यादा से ज्यादा छात्र-छात्राएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा दिखा सकें।
बैठक में समिति सदस्यों ने कौशल प्रशिक्षण, प्रतियोगिता प्रबंधन, मूल्यांकन व्यवस्था और प्रतिभागियों के उत्साह को बनाए रखने की रणनीति पर विस्तार से विचार किया। पुलकित खरे ने सभी अधिकारियों से युवाओं की लगातार प्रगति की समीक्षा और प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर ध्यान देने को कहा।
उन्होंने जिला समन्वयक और एमआईएस मैनेजर के साथ वर्चुअल बैठक की और निर्देश दिए कि जिला समन्वयक और एमआईएस मैनेजर हर महीने कम से कम दो बार प्रशिक्षण केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण करें। इससे लक्ष्य समय पर पूरे होंगे। कौशल विकास मिशन के लक्ष्यों का भौतिक सत्यापन करें और प्रशिक्षण केंद्रों पर जरूरी संसाधन उपलब्ध कराएं।
पुलकित खरे ने कहा कि सभी ग्राम पंचायतों के गरीब परिवारों के युवाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ा जाए। प्रोजेक्ट प्रवीण के तहत युवाओं को रोजगारपरक कौशल सिखाकर आत्मनिर्भर बनाया जाए। आईटीआई संस्थानों में हर महीने 21 तारीख को होने वाले रोजगार मेलों में कौशल विकास मिशन से प्रशिक्षित युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि उन्हें अच्छे रोजगार मिलें। अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन मेलों को कौशल और उद्योग के बीच पुल के रूप में इस्तेमाल करें।
बैठक के अंत में पुलकित खरे ने सभी अधिकारियों और समिति सदस्यों से अपील की कि प्रदेश के प्रतिभाशाली युवाओं की पहचान करें, उन्हें प्रशिक्षण, संसाधन और अवसर दें, ताकि वे उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर गौरवान्वित करें।
What's Your Reaction?











