Hardoi Special: हरदोई के समग्र विकास को लेकर मुख्यमंत्री से की गईं बड़ी मांगें: कचहरी जीर्णोद्धार से लेकर इंजीनियरिंग कॉलेज व स्पोर्ट्स स्टेडियम तक शामिल। 

जनपद हरदोई के समग्र विकास, धार्मिक पर्यटन, शिक्षा, खेल, यातायात, पत्रकार कल्याण एवं प्रशासनिक सुविधाओं को लेकर

May 29, 2026 - 16:34
92 Views
Hardoi Special: हरदोई के समग्र विकास को लेकर मुख्यमंत्री से की गईं बड़ी मांगें: कचहरी जीर्णोद्धार से लेकर इंजीनियरिंग कॉलेज व स्पोर्ट्स स्टेडियम तक शामिल। 
हरदोई के समग्र विकास को लेकर मुख्यमंत्री से की गईं बड़ी मांगें: कचहरी जीर्णोद्धार से लेकर इंजीनियरिंग कॉलेज व स्पोर्ट्स स्टेडियम तक शामिल। 

हरदोई। जनपद हरदोई के समग्र विकास, धार्मिक पर्यटन, शिक्षा, खेल, यातायात, पत्रकार कल्याण एवं प्रशासनिक सुविधाओं को लेकर विभिन्न महत्वपूर्ण मांगों संबंधी ज्ञापन शासन स्तर पर भेजे गए हैं। इन ज्ञापनों में हरदोई को आधुनिक एवं विकसित जनपद बनाने के उद्देश्य से कई बड़ी परियोजनाओं की मांग की गई है, जिनमें कचहरी परिसर के आधुनिकीकरण से लेकर इंजीनियरिंग कॉलेज, प्रेस क्लब भवन, आधुनिक ट्रैफिक सिस्टम, इलेक्ट्रिक बस सेवा और स्पोर्ट्स स्टेडियम निर्माण जैसी योजनाएं शामिल हैं।

ज्ञापनों में सबसे प्रमुख मांग हरदोई कचहरी परिसर एवं अधिवक्ता चैंबरों के जीर्णोद्धार और आधुनिकीकरण की रखी गई है। कहा गया कि वर्तमान में भवनों की स्थिति जर्जर हो चुकी है तथा पेयजल, शौचालय, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। ऐसे में नए भवन निर्माण, डिजिटल सुविधाएं, पुस्तकालय, प्रतीक्षालय और सीसीटीवी सुरक्षा व्यवस्था विकसित किए जाने की मांग की गई है।

धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व से जुड़ी मांगों में भगवान नरसिंह एवं भक्त प्रह्लाद की भव्य प्रतिमा स्थापना का प्रस्ताव प्रमुख रहा। ज्ञापन में कहा गया कि इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों से प्रेरणा प्राप्त होगी। इसके अतिरिक्त चौौरासी कोसीय परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण, सुंदरीकरण और मरम्मत की मांग भी उठाई गई, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित यात्रा सुविधा मिलने के साथ स्थानीय व्यापार और पर्यटन को भी लाभ होगा।

शिक्षा के क्षेत्र में हरदोई में राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज की स्थापना की मांग की गई। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि जिले के छात्र तकनीकी शिक्षा के लिए अन्य जनपदों में जाने को मजबूर हैं। यदि हरदोई में आधुनिक इंजीनियरिंग कॉलेज स्थापित होता है तो ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को विशेष लाभ मिलेगा और जिले में तकनीकी एवं औद्योगिक विकास को नई दिशा मिलेगी।

पर्यटन विकास को लेकर सांडी पक्षी विहार एवं धोबिया आश्रम के समग्र विकास का प्रस्ताव भी रखा गया। ज्ञापन में सड़क संपर्क, प्रकाश व्यवस्था, पर्यटक सुविधा केंद्र, पेयजल, शौचालय और सुरक्षा व्यवस्था विकसित किए जाने की मांग की गई ताकि यह क्षेत्र प्रदेश के प्रमुख पर्यटन केंद्रों में शामिल हो सके।

जनपद में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए आधुनिक ट्रैफिक प्रबंधन प्रणाली विकसित करने की भी मांग उठाई गई। इसमें स्मार्ट ट्रैफिक सिग्नल, सीसीटीवी निगरानी, इलेक्ट्रॉनिक ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम, पार्किंग प्रबंधन और सड़क सुरक्षा अभियान संचालित किए जाने का सुझाव दिया गया।

प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से हरदोई में आधुनिक सुविधाओं से युक्त सर्किट हाउस निर्माण की मांग भी की गई। ज्ञापन में कहा गया कि जिले में अधिकारियों एवं विशिष्ट अतिथियों के ठहरने के लिए उच्च स्तरीय व्यवस्थाओं का अभाव है, जिससे सरकारी कार्यक्रमों और बैठकों के संचालन में कठिनाई आती है।

परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए हरदोई मुख्यालय से सभी विकास खंडों तक इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू करने की मांग रखी गई। इसमें कहा गया कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों, विद्यार्थियों, महिलाओं और व्यापारियों को सुलभ एवं किफायती यात्रा सुविधा प्राप्त होगी तथा प्रदूषण में भी कमी आएगी।

पत्रकार हितों को ध्यान में रखते हुए जनपद मुख्यालय पर प्रेस क्लब भवन निर्माण की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। ज्ञापन में कहा गया कि वर्तमान में पत्रकारों के लिए किसी समर्पित भवन का अभाव है, जिसके कारण बैठकों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और मीडिया संवाद जैसे आयोजनों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। प्रस्तावित भवन में सभागार, पुस्तकालय, मीडिया कक्ष एवं इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की गई।

खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के लिए विकासखंड सुरसा में उच्च स्तरीय स्पोर्ट्स स्टेडियम निर्माण की मांग भी की गई। प्रस्तावित स्टेडियम में एथलेटिक्स ट्रैक, क्रिकेट मैदान, फुटबॉल मैदान, कबड्डी एवं वॉलीबॉल कोर्ट, जिम और छात्रावास जैसी सुविधाएं विकसित किए जाने का सुझाव दिया गया है।

इसके साथ ही हरदोई में इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान की तर्ज पर लगभग 1000 सीट क्षमता वाले आधुनिक प्रेक्षागृह निर्माण का प्रस्ताव भी भेजा गया। ज्ञापन में कहा गया कि इससे बड़े सांस्कृतिक, शैक्षिक एवं सरकारी कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बेहतर मंच उपलब्ध होगा तथा जनपद की सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती मिलेगी। शासन से मांग की है कि जनहित और विकास से जुड़ी इन सभी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति प्रदान कर हरदोई को आधुनिक एवं विकसित जनपद बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow